राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल और सुरक्षित समापन पर देवघर समाहरणालय में सम्मान समारोह आयोजित। उपायुक्त ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

विश्व के सबसे लंबे और बड़े धार्मिक आयोजनों में शुमार राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल समापन के उपलक्ष्य में समाहरणालय परिसर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने की।

इस गरिमामयी अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित जिले के तमाम वरीय अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

अधिकारियों व कर्मियों का समर्पण सराहनीय: उपायुक्त

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना एक बहुत बड़ी चुनौती थी, लेकिन सभी विभागों के आपसी तालमेल, त्याग और अटूट प्रतिबद्धता के कारण ही यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल रहा।

उन्होंने कहा कि कड़ी धूप और लगातार बारिश के बीच भी मैदान पर तैनात दंडाधिकारियों व कर्मियों ने जिस मुस्कान और संवेदनशीलता के साथ देवतुल्य श्रद्धालुओं की सेवा की, उससे प्रशासन के प्रति आम जनता और कांवरियों का भरोसा बढ़ा है।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन रहा बेमिसाल: पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण पुष्कर ने पुलिस बल और प्रशासनिक टीम के अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि संवेदनशील और विशाल आयोजन में सटीक भीड़ प्रबंधन सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती है। मंदिर परिसर से लेकर पूरे मेला क्षेत्र, रूट लाइनिंग और बॉर्डर पॉइंट्स तक तैनात जवानों ने केवल ड्यूटी नहीं की, बल्कि सेवा भाव से काम किया।


टीम वर्क से हर व्यवस्था रही दुरुस्त

उप विकास आयुक्त (DDC): श्री पीयूष सिन्हा ने कहा कि सभी विभागों के मैदान पर तैनात कर्मियों ने आपसी तालमेल का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।

 नगर आयुक्त: सुश्री सुलोचना मीना ने नगर निगम की टीम और सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद साफ-सफाई, पेयजल और नागरिक सुविधाएं दिन-रात दुरुस्त रखी गईं।

अनुमंडल पदाधिकारी (SDO): श्री रवि कुमार ने कहा कि नियंत्रण कक्ष से लेकर मुख्य मेला क्षेत्र तक तैनात दंडाधिकारियों ने तत्परता से काम कर श्रद्धालुओं को सुखद माहौल प्रदान किया।

प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा मेला ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य, बेहतर समन्वय और अनुशासित सेवा देने वाले दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

.......................................................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822