कानपुर के गुजैनी इलाके में घर के अंदर मंदिर के ठीक बगल में मजार बनाने और दलित परिवार पर धर्मांतरण का दबाव बनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मारपीट, जबरन बुर्का पहनाने और नमाज पढ़वाने के आरोपों के बाद इलाके में तनाव है।


कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के गुजैनी थाना क्षेत्र (वरुण विहार कच्ची बस्ती) से धर्मांतरण और धार्मिक प्रतीकों से छेड़छाड़ का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दलित परिवार के घर में पहले से मौजूद मंदिर के ठीक बगल में एक मजार का निर्माण करा दिया गया। इसके अलावा परिवार के सदस्यों पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाने, नमाज पढ़वाने और महिला को बुर्का पहनाने का गंभीर आरोप लगा है।


पीड़ित परिवार के मुताबिक, उनके घर में लंबे समय से बीमारियां और आर्थिक परेशानियां चल रही थीं। इसी दौरान कुछ आरोपी लोगों ने उनसे संपर्क किया और दावा किया कि अगर वे घर में मजार बनवा लेंगे, तो उनके परिवार के सारे दुख और बीमारियां खत्म हो जाएंगी। आरोपियों के झांसे में आकर परिवार ने मजार बनाने की अनुमति दे दी, जिसके बाद घर में बने छोटे से पूजा स्थल के ठीक बगल में मजार खड़ी कर दी गई।


पीड़ित सोनू जाटव और उनके परिजनों का आरोप है कि मजार बनने के बाद आरोपियों की गतिविधियां धीरे-धीरे बदलने लगीं। आरोपियों ने परिवार पर इस्लाम कबूल करने और घर में नियमित नमाज पढ़ने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि सोनू की पत्नी पर जबरन बुर्का पहनने का दबाव डाला गया और उसे बुर्का पहनाया भी गया। जब परिवार ने इस मतांतरण और हरकतों का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। 


घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय हिंदू संगठनों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में पहुंचे हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने मौके पर विरोध-प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मामले की सूचना मिलते ही गुजैनी थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं (उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिबू खान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।कानपुर पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822