C-Fore स्कूल रैंकिंग 2026 में सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने देश में दूसरा स्थान हासिल कर बढ़ाया बिहार का मान। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दी बधाई। पढ़ें पूरी खबर।

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का परचम लहराते हुए बिहार का मान बढ़ाया है। प्रतिष्ठित 'सीफोर स्कूल रैंकिंग 2026' (C-Fore School Ranking 2026) में देश के सर्वश्रेष्ठ सरकारी आवासीय विद्यालयों की श्रेणी में इस विद्यालय ने दूसरा स्थान हासिल किया है। इस बड़ी उपलब्धि पर राज्यभर में खुशी का माहौल है।

शिक्षा मंत्री ने दी बधाई, बताया गौरव का क्षण

इस शानदार सफलता पर बिहार के शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय का राष्ट्रीय रैंकिंग में दूसरे स्थान पर आना पूरे बिहार के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह सफलता यहाँ के विद्यार्थियों की असाधारण प्रतिभा और शिक्षकों के समर्पित तथा कठिन परिश्रम का प्रमाण है।

मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि बिहार में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रसार के लिए किए जा रहे लगातार प्रयासों को एक नई पहचान देती है। इससे राज्य के अन्य सरकारी विद्यालयों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन के लिए है विशिष्ट पहचान

शिक्षा मंत्री श्री तिवारी ने विश्वास जताया कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय भविष्य में भी अपनी उपलब्धियों से लगातार बिहार का नाम रोशन करता रहेगा। गौरतलब है कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय अपनी बेहतरीन शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासित परिवेश और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए देश भर में एक विशिष्ट पहचान रखता है। राष्ट्रीय रैंकिंग में मिला यह मुकाम विद्यालय के सामूहिक और उत्कृष्ट प्रयासों का परिणाम है, जो बिहार की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और अधिक सुदृढ़ करता है।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822