भागलपुर के खरीक में एनएच-31 पर अज्ञात हाइवा की चपेट में आने से 21 वर्षीय नयन कुमार की दर्दनाक मौत। महज 5 महीने पहले हुई थी शादी। पढ़ें पूरी खबरकंचन क्रांति न्यूज, खगड़िया।

भागलपुर जिले के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार 21 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के तेतरी गांव निवासी राजेश सिंह के 21 वर्षीय पुत्र नयन कुमार सिंह के रूप में हुई है।

ससुराल से घर लौटते समय हुआ हादसा

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, नयन कुमार सिंह अपने ससुराल भागलपुर जिले के बिहपुर थाना अंतर्गत मड़वा गांव से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान खरीक के पास एनएच-31 पर तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नयन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

निजी अस्पताल से रेफर, रास्ते में ही तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायल नयन को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन व स्थानीय लोग उसे बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

5 महीने पहले हुई थी शादी,

सदर अस्पताल में जैसे ही डॉक्टरों ने नयन को मृत घोषित किया, अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने रोते-बिलखते हुए बताया कि नयन की शादी महज पांच महीने पहले ही हुई थी। हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

इधर, खगड़िया के चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822।