नाम दोबारा जुड़वाने के लिए संदिग्ध लिंक पर मांगी जा रही व्यक्तिगत जानकारी और दस्तावेज; निर्वाचन विभाग ने BLO, ECINET ऐप और आधिकारिक पोर्टल के इस्तेमाल की दी सलाह
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर साइबर धोखाधड़ी का प्रयास सामने आया है। कुछ लोगों को फर्जी ई-मेल भेजकर दावा किया जा रहा है कि SIR प्रक्रिया के दौरान विसंगतियां पाए जाने के कारण उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटा दिया गया है। ई-मेल के जरिए नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने का झांसा देकर एक संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी एवं जरूरी दस्तावेज अपलोड करने को कहा जा रहा है।
इस तरह के ई-मेल को भ्रामक बताते हुए आम नागरिकों और मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील की गई है। आशंका है कि इस तरीके का इस्तेमाल लोगों की निजी जानकारियां हासिल करने और साइबर ठगी को अंजाम देने के लिए किया जा सकता है।
संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें
मतदाताओं को सलाह दी गई है कि SIR के नाम पर मिलने वाले किसी भी अनजान या संदिग्ध ई-मेल में दिए गए लिंक पर क्लिक न करें। ऐसे लिंक के माध्यम से अपनी व्यक्तिगत जानकारी, मोबाइल नंबर, ओटीपी (OTP) अथवा पहचान से जुड़े दस्तावेज साझा करने से बचें। किसी भी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट को अपनी गोपनीय जानकारी उपलब्ध नहीं कराएं।
निर्वाचन अधिकारियों के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी संदेशों से रहें सतर्क
स्पष्ट किया गया है कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी अथवा निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी की ओर से इस प्रकार के ई-मेल भेजकर मतदाताओं से किसी संदिग्ध लिंक के माध्यम से प्रमाण-पत्र या व्यक्तिगत दस्तावेज जमा करने को नहीं कहा जा रहा है। इसलिए ऐसे संदेशों पर भरोसा करने से पहले उनकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।
SIR से संबंधित जानकारी के लिए BLO से करें संपर्क
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित किसी भी तरह के सत्यापन या दस्तावेज जमा करने के लिए मतदाता अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन माध्यम से जानकारी प्राप्त करने और निर्वाचन संबंधी सेवाओं का लाभ लेने के लिए निर्वाचन आयोग के आधिकारिक ECINET ऐप अथवा मतदाता सेवा पोर्टल का इस्तेमाल करें।
आधिकारिक पोर्टल: https://voters.eci.gov.in/
मतदाताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या ई-मेल के झांसे में न आएं और केवल निर्वाचन आयोग के अधिकृत माध्यमों से ही SIR से संबंधित जानकारी प्राप्त करें। थोड़ी सी सतर्कता साइबर धोखाधड़ी से बचा सकती है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822