देवघर के करों स्थित उच्च विद्यालय बघनाडीह में SMC चुनाव के दौरान दबंगों ने किया हंगामा, चुनाव रद्द। जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, पुलिस बल के साथ चुनाव कराने की मांग


चंदन ठाकुर, मधुपुर (देवघर)।

देवघर के करों स्थित उच्च विद्यालय बघनाडीह में SMC चुनाव के दौरान दबंगों ने किया हंगामा, चुनाव रद्द। जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, पुलिस बल के साथ चुनाव कराने की मांग।

देवघर जिला अंतर्गत करों प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बघनाडीह में एक अगस्त 2026 को विद्यालय प्रबंध समिति (SMC) का चुनाव होना तय हुआ था। पर्यवेक्षक की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया शुरू कराने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण विद्यालय प्रांगण में पहुंचे थे। लेकिन, गांव के कुछ असामाजिक और दबंग तत्वों ने सोची-समझी साजिश के तहत विद्यालय के माहौल को खराब किया और जानबूझकर उग्र विरोध प्रदर्शन कर चुनाव को रद्द करवा दिया।

जनप्रतिनिधियों पर उठे गंभीर सवाल

इस पूरे घटनाक्रम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के असली चेहरे से नकाब उतार दिया है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जो जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं को सुलझाने के लिए 2 घंटे का समय नहीं निकाल सकते, उनका पद पर बने रहना लोकतंत्र का अपमान है। चुनाव रद्द होना और जनप्रतिनिधियों का मूकदर्शक बने रहना लोकतंत्र की हत्या'के समान है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि आने वाले आगामी चुनावों में ऐसे निष्क्रिय और गैर-जिम्मेदार प्रतिनिधियों को जनता का आक्रोश झेलना पड़ेगा और उनका गणित बिगड़ना तय है।

जिनके बच्चे नहीं पढ़ते, उसे स्कूल में दादागिरी दिखाने का क्या हक?

ग्रामीणों ने मीडियाकर्मियों से अपना दर्द साझा करते हुए अत्यंत गंभीर सवाल उठाए हैं। कहा कि जिन लोगों के बच्चे इस स्कूल में पढ़ते तक नहीं हैं, वे आखिर किस हैसियत से अपने दबंग और बाहुबली रूप का प्रदर्शन करने स्कूल प्रांगण में घुस आते हैं? ऐसे लोगों को स्कूल की व्यवस्था पर दांव लगाने या दादागिरी दिखाने का नैतिक और कानूनी अधिकार किसने दिया?

वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में ही होगा अगला चुनाव

इस शर्मनाक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन से मांग की है कि जब भी विद्यालय प्रबंध समिति का दोबारा चुनाव कराया जाए, तब तक स्थानीय थाना के वरीय पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त पुलिस बल की अनिवार्य रूप से तैनाती की जाए। बिना सुरक्षा व्यवस्था और कड़े प्रशासनिक पहरे के दबंगों की गुंडागर्दी के बीच निष्पक्ष चुनाव होना नामुमकिन है।

अब देखना यह होगा कि जिला शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन इस गुंडागर्दी पर क्या संज्ञान लेता है और बघनाडीह गांव के जागरूक निवासी आने वाले समय में कैसे सही और योग्य व्यक्ति का चयन करके इन असामाजिक तत्वों को करारा जवाब देते हैं।

...............................................................................................

बघनाडीह SMC चुनाव, देवघर समाचार, करों प्रखंड खबर, विद्यालय प्रबंध समिति चुनाव विवाद, मधुपुर देवघर न्यूज, SMC Election Baghnadih Deoghar