पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को उत्तर 24 परगना से जान से मारने की धमकी भरा पत्र मिला है। कोलकाता की ठाकुरपुकुर पुलिस जांच में जुटी है।
- पिछले छह महीनों से मिल रहे थे धमकी भरे पत्र
- मामला दर्ज कर जांच में जुटी कोलकाता पुलिस
कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की धमकी मिली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये धमकी भरे पत्र पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से कूरियर के जरिए भेजे गए हैं। लगातार मिल रही धमकियों के बाद गांगुली परिवार के कोलकाता स्थित आवास की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के कार्यालय में सोमवार को गांगुली के नाम से दो नए पत्र प्राप्त हुए, जिसके बाद गांगुली के मैनेजर ने दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। अंग्रेजी में लिखे गए इन पत्रों में पूर्व कप्तान, उनकी पत्नी और पूरे परिवार को जान से मारने व नुकसान पहुंचाने की सीधी धमकी दी गई है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पिछले छह महीनों से ऐसे पत्र लगातार मिल रहे थे। शुरुआती दौर में इन्हें किसी उत्साही प्रशंसक की हरकत मानकर नजरअंदाज कर दिया गया था, लेकिन पत्रों की आक्रामक और गंभीर भाषा को देखते हुए परिवार ने पुलिस से संपर्क करने का फैसला किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और राज्य सरकार के सुरक्षा विभाग को भी सूचित कर दिया गया है। शुरुआती जांच के मुताबिक पत्र उत्तर 24 परगना के बेलघरिया क्षेत्र से किसी व्यक्ति द्वारा कूरियर से भेजे गए हैं। पुलिस पत्रों की सामग्री की समीक्षा कर रही है और भेजने वाले की पहचान व उसके मकसद का पता लगाने में जुटी है।
............................................................................
सौरव गांगुली जान से मारने की धमकी, उत्तर 24 परगना, डोना गांगुली, कोलकाता पुलिस, Sourav Ganguly Death Threat, North 24 Parganas
