उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर में नागपंचमी पर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। कई श्रद्धालु नीचे गिर गए और चोटिल हो गए। पढ़ें पूरी खबर।
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में नागपंचमी पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ पड़ी। महाकाल मंदिर के शीर्ष पर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट साल में केवल एक बार नागपंचमी पर 24 घंटे के लिए खुलते हैं, जिसके चलते देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे।
हरसिद्धि मंदिर मार्ग और महाकाल लोक के आसपास श्रद्धालुओं की भारी कतारें लगी हुई थीं। दर्शन की जल्दी में जैसे ही सुरक्षा घेरे और बैरिकेड्स पर दबाव बढ़ा, अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कई श्रद्धालु जमीन पर गिर पड़े।
साल में केवल एक बार खुलने के कारण नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आधी रात से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा शुरू हो गया था।
लाइन में लगे श्रद्धालुओं की भीड़ के दबाव के कारण कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग प्रभावित हुई, जिससे लोग आगे बढ़ने की होड़ में एक-दूसरे पर गिरने लगे।
मौके पर मौजूद पुलिस और मंदिर प्रशासन के कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को संभालने का प्रयास किया। नीचे गिरे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया और मामूली रूप से चोटिल लोगों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कतारों में भीड़ के प्रवाह को नियंत्रित किया जा सके।
प्रशासन द्वारा लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और शांतिपूर्वक दर्शन करने की अपील की जा रही है।