पाकुड़ के हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर तोड़ाई के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 21 वर्षीय छात्र अनूप कुमार मंडल की मौत। ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला यातायात।
पाकुड़। हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर तोड़ाई स्थित निर्माणाधीन बीजेपी कार्यालय के पास एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक अनूप कुमार मंडल, पिता मिलन मंडल की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को करीब 8 घंटे तक जाम रखा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनूप कुमार मंडल सोनाजोड़ी स्थित अपने पिता की दुकान से बाइक द्वारा अपने घर तोड़ाई लौट रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोग और परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जंगीपुर स्थित बासुमति अस्पताल रेफर कर दिया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने अनूप को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने परिजनों के साथ मिलकर रात करीब 12 बजे हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक अनूप ग्रेजुएशन का छात्र था और अपनी पढ़ाई के साथ-साथ एक पेट्रोल पंप पर काम भी करता था। वह घर का होनहार युवक था।
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मांग थी कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए।
प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद, सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
