गढ़वा जिले के कांडी स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रभारी हेडमास्टर मलय कुमार सिंह के तबादले के विरोध में छात्र-छात्राओं ने सड़क जाम की और कांडी ब्लॉक कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।


गढ़वा। जिले के कांडी स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक (एचएम) मलय कुमार सिंह के तबादले के आदेश के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। अपने चहेते शिक्षक के तबादले की खबर मिलते ही जेन अल्फा ( छात्र और छात्राएं) गोलबंद होकर सड़कों पर उतर आए और उग्र प्रदर्शन किया।


शुक्रवार सुबह विद्यालय पहुंचे सैकड़ों विद्यार्थियों ने पढ़ाई का बहिष्कार कर दिया। आक्रोशित छात्र-छात्राएं विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने इकट्ठा हुए और मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क पर बैठ कर बच्चों ने शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया।

सड़क जाम करने के बाद आक्रोशित विद्यार्थियों का जुलूस कांडी ब्लॉक (प्रखंड) कार्यालय की ओर बढ़ा। उग्र छात्र-छात्राओं ने ब्लॉक परिसर में प्रवेश कर पूरे कार्यालय का घेराव कर लिया। विद्यार्थियों का कहना था कि प्रभारी हेडमास्टर मलय कुमार सिंह के नेतृत्व में विद्यालय में अनुशासन और शिक्षा का स्तर काफी बेहतर हुआ है। ऐसे समय में उनका अचानक तबादला किया जाना विद्यालय और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।


छात्रों की मुख्य मांगों में प्रभारी प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह का तबादला तुरंत रद्द किया जाए। उन्हें पुनः प्लस टू उच्च विद्यालय कांडी में ही पदस्थापित रहने दिया जाए। जब तक तबादला आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रखंड प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित छात्र-छात्राओं को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद अधिकारियों ने छात्रों की मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने और इस विषय पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्र शांत हुए और आवागमन बहाल हो सका।




Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822