बाबा होटल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध स्थिति में 3 युवक और 3 युवतियों समेत 8 हिरासत में; सेक्स रैकेट की आशंका, मालिक फरार


कोडरमा। जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र स्थित रांची-पटना मुख्य मार्ग (उरवां मोड़) के पास बाबा होटल में पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से तीन युवक और तीन युवतियों समेत कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में होटल के दो मैनेजर भी शामिल हैं, जबकि होटल का संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।


मामले की जानकारी देते हुए पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार की रात कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष को बाबा होटल में अनैतिक गतिविधियों (सेक्स रैकेट) के संचालन की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर होटल में औचक छापेमारी की गई।


छापेमारी के दौरान होटल के कमरों से तीन युवक और तीन युवतियां संदिग्ध स्थिति में बरामद किए गए। प्राथमिक जांच में हिरासत में लिए गए सभी युवक-युवतियां दूसरे जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस होटल में लंबे समय से सेक्स रैकेट का संचालन किया जा रहा था।


पुलिस ने सभी आठों लोगों को हिरासत में लेकर चंदवारा थाने ले आई है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार होटल संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कोडरमा स्टेशन के सामने और आसपास स्थित होटलों में पुलिस छापेमारी कर अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ कर चुकी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध या अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे होटलों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।