पटना पहुंचे अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया। फिल्म 'द व्वान' की टीम ने मुख्यमंत्री से मुलाकात और मंदिरों में पूजा के बाद गंगा आरती में लिया हिस्सा। पढ़ें पूरी खबर।

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

 

अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अभिनेत्री तमन्ना भाटिया की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द व्वान’ आगामी 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के रिलीज से ठीक पहले इसके मुख्य कलाकार सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, प्रसिद्ध निर्माता एकता कपूर और निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा राजधानी पटना पहुंचे। पटना दौरे की शुरुआत करते हुए फिल्म की पूरी टीम ने प्रसिद्ध वन देवी मंदिर और हनुमान (महावीर) मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी में भी वन देवी और प्राचीन मान्यताओं को एक महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।

 

मुख्यमंत्री से मुलाकात और गंगा आरती में सहभागिता

पटना प्रवास के दौरान फिल्म की टीम ने बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी से भी शिष्टाचार मुलाकात की। इस विशेष बैठक में फिल्म और बिहार के प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों के साथ-साथ लोक आस्था के महापर्व 'छठ' को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई। इसके बाद टीम ने पटना के प्रसिद्ध गंगा घाट पहुंचकर भव्य गंगा आरती में भी हिस्सा लिया और मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

रहस्य, आस्था और फैंटेसी का अनूठा संगम

‘द व्वान’ फिल्म को रहस्य, लोककथाओं, आस्था और फैंटेसी की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भव्य सिनेमाई प्रस्तुति के रूप में तैयार किया गया है। इस फिल्म के जरिए दर्शक पहली बार बड़े पर्दे पर सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फ्रेश जोड़ी को एक साथ देख सकेंगे। फिल्म को 70 एमएम स्क्रीन के भव्य पैमाने पर बड़े स्तर पर रिलीज किया जा रहा है।

 

दिग्गज निर्माताओं और निर्देशकों की है टीम

इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के निर्माण से टीवीएफ (TVF) के संस्थापक अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा और मशहूर निर्माता एकता कपूर जुड़े हुए हैं। यह फिल्म बालाजी मोशन पिक्चर्स (बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की इकाई), टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शंस के संयुक्त बैनर तले प्रस्तुत की जा रही है।


कहानी व निर्देशन: फिल्म की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है और इसका निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है।

सिनेमैटोग्राफी: मनु आनंद फिल्म के डीओपी (DOP) और विजुअल डायरेक्टर हैं।

निर्माता: फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर. कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है।

फिल्म के इस अनूठे संसार को दर्शकों तक गहराई से पहुँचाने के लिए ‘द लीजेंड ऑफ व्वान’ नाम से एक विशेष कॉमिक बुक भी पहले ही लॉन्च की जा चुकी है, जिसके माध्यम से लोग फिल्म के लोककथात्मक परिवेश से रूबरू हो रहे हैं। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द व्वान’ आगामी 25 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822