तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त होने से बीएसएफ शहीद के बेटे और टीसीएस इंजीनियर सुप्रीत सिंह की दर्दनाक मौत, तीन दोस्त घायल। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

जमुई। बिहार के जमुई जिले से एक बेहद मर्माहत कर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के कटौना पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार हादसे का शिकार हो गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में कार सवार एक मेधावी युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके तीन अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान 23 वर्षीय सुप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो घर का इकलौता चिराग था और हाल ही में टीसीएस जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में चयनित होकर कोलकाता में कार्यरत था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र के बसैया गांव निवासी स्व. उमेश प्रसाद सिंह का पुत्र सुप्रीत सिंह वर्तमान में अपने परिवार के साथ शहर के महिसौड़ी स्थित बाबू टोला में रह रहा था। सोमवार की देर शाम सुप्रीत अपने तीन दोस्तों के साथ कार पर सवार होकर घूमने के लिए कटौना की ओर निकला था।

जैसे ही उनकी कार कटौना पेट्रोल पंप के समीप पहुुची, वाहन की रफ्तार अत्यधिक होने के कारण चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में शुभम कुमार (पिता - शंभु प्रसाद गुप्ता, निवासी - महाराजगंज), राजीव रंजन (निवासी - महिसौड़ी) व एक अन्य साथी शामिल हैं।

सदर अस्पताल में घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। सभी घायलों का इलाज जारी है, जबकि पुलिस इस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।

सुप्रीत सिंह पढ़ाई-लिखाई में बेहद मेधावी और प्रतिभावान था। बीटेक की डिग्री पूरी करने के बाद उसने कोलकाता में अपनी नौकरी की शुरुआत की थी। हाल ही में उसका चयन देश की जानी-मानी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में भी हुआ था। पर्व-त्यौहार के मौके पर वह छुट्टी लेकर अपने घर जमुई आया हुआ था। किसी को इस बात का अंदेशा नहीं था कि जिस बेटे के लौटने पर परिवार में खुशियां छाई थीं, वह कुछ ही दिनों में मातम में बदल जाएंगी।

इस दुर्घटना की सबसे दर्दनाक दास्तां यह है कि सुप्रीत का पूरा परिवार पहले ही देश की खातिर बड़ा त्याग कर चुका था। उसके पिता स्व. उमेश प्रसाद सिंह सीमा सुरक्षा बल के जवान थे, जो वर्ष 2007 में देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए थे

पिता के शहीद होने के बाद परिवार की सारी उम्मीदें और सहारे का एकमात्र केंद्र सुप्रीत ही था। वह घर का इकलौता चिराग था, जो अपनी कड़ी मेहनत और काबिलियत के बल पर परिवार का उज्ज्वल भविष्य गढ़ रहा था। लेकिन कटौना के पास हुए इस हादसे ने परिवार के सारे सपने और उम्मीदें चकनाचूर कर दीं। एक तरफ पिता की शहादत का आजीवन दर्द और दूसरी तरफ अपने जवान इकलौते बेटे की असमय मौत इस दोहरे आघात से पूरा परिवार और पूरा क्षेत्र गहरे सदमे में है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822