झारखंड के दुमका जिले में सड़क दुर्घटनाओं में एक कांवड़िया सहित दो लोगों की जान चली गई। जरमुंडी हाईवे और बड़तल्ली के पास हुए इन हादसों की पूरी खबर पढ़ें।


दुमका । दुमका जिले में सोमवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसे में एक कांवड़िया समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना जरमुंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे की है। सोमवार देर रात हाईवे पार कर रहे एक अधेड़ कांवड़िया को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मुन्ना सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।


वहीं, दूसरी दुर्घटना जिले के बड़तल्ली के पास घटित हुई। यहां एक अज्ञात वाहन ने राह चलते युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने दम तोड़ दिया।


पुलिस ने दूसरे मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।