यूपी ATS ने पूर्णिया निवासी व मेरठ में पढ़े जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मोहम्मद जफर को गिरफ्तार किया। आरोपी मदरसे के नाम पर चंदा जुटाकर बाइनेंस (क्रिप्टो) के जरिए पाकिस्तान फंडिंग करता था।

  

वी. शर्मा, मेरठ।

  उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (UP ATS) ने भारत विरोधी गतिविधियों और आतंकी फंडिंग में संलिप्त जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी मदरसे के नाम पर चंदा इकट्ठा कर उस रकम को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन को भेजता था और मौलाना मसूद अजहर के बयानों व भड़काऊ साहित्य के जरिए युवाओं को जेहाद के लिए उकसाता था।

 

मेरठ में रहकर कर चुका है पढ़ाई

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद जफर (24 वर्ष), पुत्र मोहम्मद जहीर, निवासी ग्राम मीरगंज, थाना रौटा, जिला पूर्णिया (बिहार) के रूप में हुई है। जफर पूर्व में मेरठ में रहकर एक मदरसे से पढ़ाई कर चुका है। ATS की सोशल मीडिया जांच में सामने आया कि वह जैश-ए-मोहम्मद के चीफ मौलाना मसूद अजहर की भड़काऊ और जिहादी तकरीरें साझा कर लोगों को हिंसक गतिविधियों के लिए प्रेरित कर रहा था।

 

बाइनेंस (Binance) और USDT के जरिए भेजी फंडिंग

ATS की पूछताछ में आरोपी जफर ने खुलासा किया कि पढ़ाई के दौरान ही वह जैश-ए-मोहम्मद के संपर्क में आया था। उसके मोबाइल से कई पाकिस्तानी जिहादी व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं। जफर अपनी फेसबुक आईडी पर चेहरा ढककर जेहाद और खिलाफत के समर्थन में बयान जारी करता था।

 

इसी दौरान वह जैश-ए-मोहम्मद के जिहादी ग्रुप से जुड़कर पाकिस्तानी हैंडलर के सीधे संपर्क में आ गया। जब पाकिस्तानी बैंक खाते में सीधे पैसे भेजने में विफलता हुई, तो उसने पाकिस्तानी हैंडलर से बाइनेंस (Binance) अकाउंट लिया। इसके बाद उसने क्रिप्टोकरेंसी (USDT) के रूप में कई बार पाकिस्तान पैसा भेजा।

 

मुकदमा दर्ज, कानूनी कार्रवाई जारी

यूपी ATS ने मोहम्मद जफर को 16 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एटीएस पुलिस स्टेशन में मु.अ.सं. 13/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152, 61(2) तथा यूएपीए (UAPA) अधिनियम 1967 की धारा 18/38 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

 रिपोर्ट - विकास कुमार

..............................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822