राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 21वें दिन रिमझिम बारिश के बीच जलार्पण जारी। आज शाम शिवलोक परिसर से आसमान में दिखेगा भव्य ड्रोन शो। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के 21वें दिन बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण की प्रक्रिया अहले सुबह सुचारू रूप से प्रारंभ हो गई। भोर में ठीक 04:14 बजे मंदिर के गर्भगृह के पट खुलते ही कांवरियों का इंतजार समाप्त हुआ और कतारबद्ध शिवभक्तों ने देवों के देव महादेव पर जलार्पण शुरू किया।
सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के बीच श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही है। सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर देवघर पहुंचे कांवरियों से पूरी रूट लाइन केसरिया रंग में रंगी हुई प्रतीत हो रही है। संपूर्ण मेला क्षेत्र और मार्ग "बोल बम" तथा "हर-हर महादेव" के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान है।
सुरक्षित और कतारबद्ध व्यवस्था
प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के कारण सभी कांवरिया बेहद अनुशासित होकर बीएड कॉलेज परिसर से निरंतर बाबाधाम की ओर आगे बढ़ रहे हैं। लंबी दूरी तय करने के बाद भी भक्तों के चेहरों पर थकान के बजाय बाबा के दर्शन की अनूठी चमक और अध्यात्म का भाव साफ दिखाई दे रहा है। जिला प्रशासन और पुलिस बल के अधिकारी रूट लाइन के सभी संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर मुस्तैद हैं तथा कतार की सतत निगरानी की जा रही है।
आज शाम देवघर के आसमान में दिखेगा आधुनिक तकनीक और भक्ति का अनूठा संगम

मेले की भव्यता को नए शिखर पर ले जाने के उद्देश्य से झारखंड सरकार का पर्यटन विभाग आज एक विशेष पहल कर रहा है। स्थानीय शिवलोक परिसर में लगातार दूसरी बार भव्य एवं अत्याधुनिक 'ड्रोन शो' का आयोजन किया जा रहा है।
यह डिजिटल लाइट शो 24 अगस्शात को शाम 07:00 बजे के बाद शुरू होगा। सैकड़ों ड्रोन आसमान में एक साथ उड़ान भरकर भगवान शिव और बाबा धाम की महिमा से जुड़ी विभिन्न अलौकिक व मनमोहक आकृतियां उकेरेंगे। बाबा मंदिर की परिधि से लगभग 5 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले श्रद्धालु और आम नागरिक इस अद्भुत नजारे को स्पष्ट रूप से देख सकेंगे। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सभी श्रद्धालुओं से इस अलौकिक प्रस्तुति का साक्षी बनने की अपील की है।

..............................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822