वैशाली जिले में जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर ड्रोन से फसलों पर कीटनाशक छिड़काव की शुरुआत हुई। आधुनिक तकनीक से किसानों की लागत घटेगी और उत्पादन बढ़ेगा।

 

हाजीपुर। वैशाली जिले में कृषि क्षेत्र को आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश पर जिले में फसलों पर ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक और फफूंदनाशक दवाओं के छिड़काव की शुरुआत की गई है। इस अत्याधुनिक पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को कम समय में प्रभावी, सुरक्षित और वैज्ञानिक फसल सुरक्षा सुविधा उपलब्ध कराना है।

 

कृषि विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित किसानों को ड्रोन तकनीक की कार्यप्रणाली और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन तकनीक के जरिए कम समय में बड़े रकबे में रसायनों का समान और लक्षित छिड़काव संभव है। इससे न केवल समय और श्रम की बचत होगी, बल्कि खेती की लागत में भी कमी आएगी। विशेषकर घनी और ऊंची फसलों में, जहां पारंपरिक तरीकों से छिड़काव कठिन होता है, वहां यह तकनीक बेहद कारगर साबित होगी। साथ ही, किसान रसायनों के सीधे संपर्क में आने से बचेंगे, जिससे उनके स्वास्थ्य जोखिम में भी कमी आएगी।

 

जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि कृषि क्षेत्र में डिजिटल और ड्रोन तकनीक जैसी आधुनिक पद्धतियों को अपनाकर खेती को सुगम और लाभकारी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से उत्पादन लागत घटेगी और फसलों की उत्पादकता तथा गुणवत्ता बढ़ने से किसानों की आय में वृद्धि होगी। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अनुशंसित मात्रा और सुरक्षा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करते हुए ही ड्रोन छिड़काव सेवा का लाभ उठाएं।


...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822