जमालपुर स्टेशन पर सीआईबी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में हावड़ा-जमालपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से 88 पैक अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार। आरोपी मुंगेर में बिक्री के लिए ला रहा था शराब।

 

जमालपुर (मुंगेर)। रेलवे की सबसे प्रीमियम ट्रेन 'वंदे भारत एक्सप्रेस' से शराब की तस्करी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जमालपुर रेलवे स्टेशन पर सीआईबी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक शख्स को 88 पैक अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी हावड़ा से वंदे भारत ट्रेन का बाकायदा टिकट कटाकर शराब की यह 'वीआईपी खेप' मुंगेर में सप्लाई करने ला रहा था।

 

सीआईबी जमालपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 22301 हावड़ा-जमालपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही सीआईबी और आरपीएफ जमालपुर की टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या दो पर घेराबंदी की। जैसे ही ट्रेन रुकी, एक व्यक्ति ट्रॉली बैग और बैकपैक टांगकर तेजी से एस्केलेटर वाले फुट ओवरब्रिज की ओर भागा।

 

संदेह होने पर जब सुरक्षाकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे ओवरब्रिज पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग से टेट्रा पैक की 54 बोतलें और पिट्ठू बैग से 34 बोतलें (कुल 88 पैक) अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। जब्त मदिरा का बाजार मूल्य लगभग 16,740 रुपये बताया गया है।

 

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान जमालपुर थाना क्षेत्र के बड़ी दरियापुर निवासी मंजीत कुमार (41 वर्ष), पिता सदानंद प्रसाद के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारा कि वह बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए पश्चिम बंगाल के हावड़ा से यह शराब ला रहा था। आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत कुमार यादव और सीआईबी इंस्पेक्टर एसके सुधा ने जब्ती सूची तैयार कर शराब और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना मुंगेर के हवाले कर दिया है।

 ...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822