धनबाद-जामताड़ा को जोड़ने वाला बेजड़ा पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। बराकर नदी में उफनती लहरों के बीच ग्रामीण जान हथेली पर रखकर नावों से बाइक और सफर तय करने को मजबूर हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
धनबाद। धनबाद और जामताड़ा जिले को जोड़ने वाले पूर्वी टुंडी क्षेत्र के बेजड़ा पुल के क्षतिग्रस्त होने से सड़क संपर्क पूरी तरह टूट चुका है। पुल से आवागमन ठप होने के कारण बेजड़ा और जुरगुडीह घाट पर हर दिन सैकड़ों ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती बराकर नदी पार करने को मजबूर हैं। लंबा चक्कर लगाने से बचने के लिए लोग बेहद असुरक्षित और खुली नावों का सहारा ले रहे हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि जिन नावों का इस्तेमाल पहले बालू उत्खनन के लिए किया जाता था, अब उन्हीं पर यात्रियों को बैठाया जा रहा है। सुरक्षा के मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नावों पर सवार किसी भी यात्री के पास सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं है।
आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटों पर किसी भी स्थानीय गोताखोर या सुरक्षा बल की तैनाती नहीं की गई है।
तेज जलप्रवाह के बीच एक ही नाव पर क्षमता से अधिक दर्जनों यात्रियों के साथ आधा दर्जन से ज्यादा बाइकें लाद दी जा रही हैं।
नदी के तेज बहाव और अत्यधिक वजन (ओवरलोडिंग) के कारण नाव का संतुलन बिगड़ने का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठा है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि बेजड़ा और जुरगुडीह दोनों घाटों पर तत्काल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। अवैध और असुरक्षित नाव परिचालन पर तुरंत रोक लगाई जाए। क्षतिग्रस्त बेजड़ा पुल की जल्द से जल्द मरम्मत कराकर आवागमन बहाल किया जाए।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822