मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में प्रेमी को डराने के लिए एक युवती द्वारा आत्महत्या का नाटक करना उसे भारी पड़ गया। युवती ने ऑल-आउट की खाली शीशी में पानी भरकर उसे पीने का अभिनय किया और उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सामने आते ही प्रेमी ने पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद पुलिस तत्काल युवती के घर पहुंच गई।


प्रेमी से विवाद के बाद बनाई थी वीडियो


जानकारी के अनुसार, सुरजन नगर चौकी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का अपने प्रेमी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। प्रेमी पर दबाव बनाने और उसे डराने की नीयत से युवती ने ऑल-आउट की खाली रिफिल की शीशी में पानी भरा और उसे पीते हुए आत्महत्या का नाटक किया। इसके बाद उसने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया।


वीडियो देख प्रेमी ने दी पुलिस को सूचना


इंस्टाग्राम पर वीडियो देखने के बाद प्रेमी घबरा गया और उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। आत्महत्या की आशंका से पुलिस महकमा भी सक्रिय हो गया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार परमार पुलिस टीम के साथ युवती की लोकेशन पर पहुंचे और जांच शुरू की।


पूछताछ में सामने आई सच्चाई


पुलिस की पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि उसने कोई जहरीला पदार्थ नहीं पिया था। उसने बताया कि शीशी में केवल पानी भरा था और उसने प्रेमी को डराने के लिए यह वीडियो बनाया था। जांच में भी यह पुष्टि हुई कि ऑल-आउट की शीशी में केवल पानी था।


लिखित माफी के बाद दी गई चेतावनी


युवती ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस को लिखित माफी दी। इसके बाद पुलिस ने भविष्य में इस तरह की हरकत न दोहराने की सख्त चेतावनी देते हुए उसे छोड़ दिया।


प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार परमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर आत्महत्या के प्रयास से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। जांच में पता चला कि युवती ने केवल प्रेमी पर दबाव बनाने के उद्देश्य से यह नाटक किया था। गलती स्वीकार करने और लिखित माफी मांगने के बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।