पटना के अगमकुआं में रफ्तार के कहर से युवक की मौत के बाद उग्र भीड़ ने जमकर बवाल काटा। बस, पुलिस गाड़ियों और मीडियाकर्मी के वाहन में आगजनी की गई। NH-30 पर लगा लंबा जाम।


पटना। राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी पहाड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित यात्री बस ने एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी 26 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में की गई है।

युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव व्याप्त हो गया और आक्रोशित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।


घटना के तुरंत बाद उग्र भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त यात्री बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। बस में सवार यात्रियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को भी उग्र लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। भीड़ ने पुलिस की दो गाड़ियों सहित सड़क से गुजर रहे अन्य वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की और उन्हें आग के हवाले कर दिया।


हंगामे की उग्रता को देखते हुए शुरुआत में पहुंची पुलिस टीम को पीछे हटना पड़ा। हालांकि, बाद में स्थिति पर काबू पाने के लिए 5 थानों की पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया, तब जाकर हालात नियंत्रित हुए।


बवाल काट रही भीड़ ने कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों को भी निशाना बनाया। एक मीडियाकर्मी के साथ मारपीट की गई और उनकी गाड़ी में भी आग लगा दी गई। वहीं, आग पर काबू पाने पहुंची दमकल की गाड़ियों और फायर फाइटर्स पर भी पथराव किया गया, जिससे दमकल कर्मियों को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा।


सड़क पर हुई इस हिंसक घटना और आगजनी के कारण एनएच-30 पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। कड़कती धूप और भीषण गर्मी के बीच बस और छोटे वाहनों में फंसे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल, मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है और वरिष्ठ अधिकारी स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने व यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटे हैं।