देवघर। झारखंड पुलिस ने पश्चिम बंगाल में एक युवक को हिरासत में लिया है। उसपर आरोप है कि उसने स्पीड पोस्ट से जिला एवं सत्र न्यायाधीश को चिट्ठी लिखी है। इसमें उसने झारखंड के दुमका और गोड्डा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोर्ट की तलाशी ली। इसके साथ ही बंगाल से उस युवक को हिरासत में लिया, जिसके नाम से यह चिट्ठी भेजी गई है।

जानिए क्या है पूरा मसला

 दुमका और गोड्डा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरी चिट्ठी मिलने के बाद दुमका के एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम व डॉग स्क्वायड की टीम कोर्ट पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर की जांच की। कोर्ट के चप्पे-चप्पे की जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम को कोई भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। 

दुमका एसपी ने दुमका कोर्ट को बम से उड़ाने वाली धमकी भरी चिट्ठी मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि यह चिट्ठी स्पीड पोस्ट से बांग्ला भाषा में दुमका जिला एवं सत्र न्यायाधीश को भेजी गई है। इसमें दुमका कोर्ट और गोड्डा कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई है। एसपी ने बताया कि बांग्ला भाषा में लिखे इस चिट्ठी में बकायदा चंचल राय के नाम से एक आधार कार्ड भी अटैच किया गया है, जिसमें उसका पता पश्चिम बंगाल के जिला पूर्वी वर्द्धमान लिखा हुआ है। चिट्ठी मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आधार कार्ड में दिए गए पता से संबंधित थाने को फोन करके चंचल राय से संबंधित जानकारी ली गई। अभी चंचल राय पुलिस की हिरासत में है, जहां उसका साफ कहना है कि हमने ऐसी कोई धमकी भरी चिट्ठी नहीं लिखी है। उसका कहना है कि ये मेरे साथ किसी ने साजिश की है। झारखंड पुलिस भी चंचल राय से पूछताछ के लिए वर्द्धमान रवाना हो चुकी है।