जमुई छात्रा छेड़खानी मामले में जिला प्रशासन सख्त हो गया है। 15 से 20 दिनों में स्पीडी ट्रायल के जरिए सजा दिलाने की तैयारी है। पढ़ें पूरी खबर और प्रशासनिक कार्रवाई के बारे में।

ए.आलम, जमुई।  

छात्रा से छेड़खानी के मामले में जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ चुका है। जांच और कार्रवाई में अब थोड़ी भी विलंब या चूक की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जा रही है। स्पीडी ट्रायल के माध्यम से इस मामले में जल्द से जल्द सजा सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है, जिसके तहत 15 से 20 दिनों के भीतर कानूनी कार्रवाई पूरी कराने की तैयारी है।

इन्हें बनाया गया है नोडल पदाधिकारी

इस गंभीर मामले की मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई के लिए डीडीसी और एसडीपीओ को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। इसकी आधिकारिक जानकारी डीएम और एसपी विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से एक प्रेस वार्ता के दौरान दी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल बनाकर जांच, आरोप-पत्र (चार्जशीट) दाखिल करने और न्यायालय में स्पीडी ट्रायल की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया है।

सोशल मीडिया पर कड़ी नजर

घटना से जुड़े वीडियो और भ्रामक सामग्री को लेकर पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने लगभग 225 सोशल मीडिया साइट्स/प्रोफाइल्स को चिह्नित किया है, जो इस मामले से जुड़ी सामग्री प्रसारित कर रहे थे। नियमों का उल्लंघन करने और आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने मीडिया और आम जनता से भी अपील की है कि वे ऐसी संवेदनशील सामग्री के प्रसारण से बचें, जिससे न्यायिक या स्पीडी ट्रायल की प्रक्रिया प्रभावित हो सके।

पर्यटन और दर्शनीय स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा

इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने का निर्णय लिया है। संबंधित क्षेत्र के साथ-साथ जिले के सभी प्रमुख पर्यटन और दर्शनीय स्थलों पर पुलिस गश्ती तेज कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को पूरी तरह रोका जा सके।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822