देवघर नगर निगम ने दुर्गा पूजा को लेकर की तैयारी। शिवगंगा तालाब के बजाय '17 पोखर' पर होगा प्रतिमा विसर्जन, पंडालों के पास मिलेंगे चलंत शौचालय और पानी के टैंकर।

कंचन क्रांति न्यूज़, देवघर।

आगामी दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर शहर में साफ-सफाई, सुगम आवागमन और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त सुलोचना मीणा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में निगम की सफाई शाखा के पदाधिकारियों और कर्मियों को उत्सव के दौरान विशेष साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नगर क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों और वहां तक आने वाले पहुंच मार्गों पर युद्धस्तर पर सघन सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही रास्तों में बाधक बन रही झाड़ियों और गंदगी की समुचित कटाई-छंटाई व सफाई समय रहते पूरी करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पानी के टैंकर और चलंत शौचालय की सुविधा

श्रद्धालुओं और पूजा समितियों की विशेष मांग पर निगम द्वारा सशुल्क पानी के टैंकर और चलंत शौचालय (Mobile Toilets) उपलब्ध कराए जाएंगे। महामारी और संक्रामक रोगों से बचाव तथा कीटाणुशोधन के लिए सभी पंडाल परिसरों व सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने के भी कड़े निर्देश दिए गए हैं।

17 पोखर होगा विसर्जन स्थल

पर्यावरण और जल संरक्षण को सर्वोपरि रखते हुए नगर निगम ने ऐतिहासिक व पवित्र शिवगंगा तालाब के जल को दूषित होने से बचाने के लिए एक अहम निर्णय लिया है। निगम ने आम लोगों से अपील की है कि शिवगंगा तालाब में प्रतिमा विसर्जन न किया जाए। इसके विकल्प के तौर पर जलसार तालाब के समीप स्थित 17 पोखर को मुख्य विसर्जन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने आमजन से अपील की कि दुर्गापूजा हमारी आस्था, उल्लास और सामाजिक समरसता का महापर्व है। इस दौरान शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी तत्परता से कार्यरत है। उन्होंने कहा कि मेरी सभी पूजा समितियों एवं देवघरवासियों से विनम्र अपील है कि स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन करें। खुले में कचरा न फेंकें और पर्यावरण की रक्षा के लिए पवित्र शिवगंगा तालाब के बजाय निगम द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थल पर ही प्रतिमा विसर्जन करें।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822