लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी करने वाले प्रदेश के मूल निवासी तीर्थयात्रियों के लिए अनुदान प्राप्त करने की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कर दी है। धर्मार्थ कार्य विभाग की ओर से संचालित इस योजना के तहत पात्र श्रद्धालुओं को राज्य सरकार की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
सरकार का उद्देश्य कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी करने वाले प्रदेशवासियों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। शासनादेश के अनुसार पात्र तीर्थयात्री यात्रा समाप्त होने की तिथि से 90 दिनों के भीतर धर्मार्थ कार्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.updharmarthkarya.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवेदकों को पासपोर्ट आकार का नवीनतम फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट और वीजा की प्रति, बैंक खाते का विवरण, कैलाश मानसरोवर यात्रा पूर्ण करने का प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। सभी दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2026 की कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था 15 जून को गाजियाबाद के इंदिरापुरम से रवाना हुआ था। यह दल 2 जुलाई को सफलतापूर्वक यात्रा पूरी कर वापस लौट आया। यात्रा पूरी कर चुके पात्र तीर्थयात्री अब राज्य सरकार की अनुदान योजना का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
धर्मार्थ कार्य विभाग ने पात्र श्रद्धालुओं से समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुदान राशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की जा सके।
