दामोदर नदी (भौंदा-मोहलबनी घाट) पर जितिया पर्व के नहाय-खाय के दिन स्नान करते समय 16 वर्षीय किशोरी सोनाक्षी कुमारी तेज बहाव में बह गई। मामा को सुरक्षित बचाया गया, जबकि प्रशासनिक और स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू जारी है। पढ़ें पूरी खबर


धनबाद/भौंरा। लोक आस्था और संतान की लंबी उम्र की कामना से जुड़ा महापर्व 'जितिया' के पहले दिन यानी नहाय-खाए के मौके पर झारखंड के धनबाद जिले के भौंरा-मोहलबनी स्थित दामोदर नदी घाट पर एक बड़ा हादसा हो गया। नदी में स्नान करने के दौरान पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से बिहार के आरा की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी सोनाक्षी कुमारी लापता हो गई। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के आरा जिले की निवासी सोनाक्षी कुमारी इन दिनों लोदना मोड़ स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने परिजनों और मामा के साथ जितिया पर्व के पवित्र स्नान के लिए दामोदर नदी के मोहलबनी घाट पहुंची थी।

स्नान करने के क्रम में अचानक पैर फिसलने से सोनाक्षी गहरे पानी में चली गई और तेज बहाव की चपेट में आ गई। अपनी भांजी को डूबता देख उसके मामा ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन नदी की तेज धारा और गहराई के कारण वे खुद भी डूबने लगे।

घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया और पानी में छलांग लगा दी। स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मुस्तैदी से सोनाक्षी के मामा को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इस बीच सोनाक्षी का हाथ छूट गया और वह देखते ही देखते नदी की तेज लहरों में ओझल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सुदामडीह, पाथरडीह थाना और आमलाबाद ओपी की पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घटना के बाद एक घंटे से अधिक समय तक सघन तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन नदी का बहाव बहुत तेज होने के कारण समाचार लिखे जाने तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

अचानक घटी इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी घाट पर मां और अन्य परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया है। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों की भीड़ जुटी हुई है। प्रशासन द्वारा लगातार किशोरी की तलाश के लिए गोताखोरों और रेस्क्यू टीमों की मदद ली जा रही है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822