पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव में शुक्रवार सुबह स्नान के दौरान पोखर में डूबने से चार बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और मर्माहत करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां के इनरवाभार पंचायत अंतर्गत बनकट गांव में शुक्रवार सुबह करीब दस बजे एक पोखर में स्नान करने गईं चार बच्चियों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह कुल 8 बच्चियां और 1 बच्चा गांव के ही एक पोखर में स्नान करने के लिए गए थे। स्नान करने के दौरान अचानक चारों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण वे संभल नहीं पाईं और डूबने लगीं।

साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने जब यह भयानक मंजर देखा, तो वे तुरंत पानी से बाहर निकले और दौड़कर परिजनों व ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद चारों के शवों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाली चारों बच्चियां अलग-अलग परिवारों से ताल्लुक रखती हैं, जिनमें दो सगी बहनें भी शामिल हैं।सोनामती कुमारी (उम्र 13 वर्ष, कक्षा 6 की छात्रा), पिता: प्रमोद महतो उर्फ भिखारी महतो, फूलमती कुमारी (उम्र 11 वर्ष, कक्षा 4 की छात्रा) पिता प्रमोद महतो उर्फ भिखारी महतो (दोनों सगी बहनें), कृति कुमारी (उम्र 11 वर्ष, कक्षा 5 की छात्रा) पिता वीरेंद्र महतो, प्रतिमा कुमारी (उम्र 7 वर्ष, कक्षा 1 की छात्रा) पिता अच्छेलाल पासवान की डूबने से मौत हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पहाड़पुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्र ने भी घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।
इस भयंकर हादसे के बाद से बनकट गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों के घर कोहराम मचा हुआ है। एक साथ चार घरों के चिराग बुझ जाने से पूरा गांव गमगीन है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822