जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में ठेकेदार से कमीशन मांगने और भुगतान रोकने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आत्मदाह की धमकी दी, जिसके बाद विधायक सरयू राय ने नगर विकास मंत्री से जांच की मांग की।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, जमशेदपुर।

मानगो नगर निगम में ठेकेदारों के बकाए भुगतान को लेकर कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने आरोप लगाया है कि नगर निगम में कमीशन का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है, जहां जनप्रतिनिधि अपने करीबी रिश्तेदारों तक को नहीं बख्श रहे हैं। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को लेकर नगर विकास मंत्री से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पार्षद भांजे और मेयर मैडम को चाहिए कमीशन

विधायक सरयू राय ने सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट का हवाला देते हुए बताया कि कन्हाई कुमार सिंह नामक ठेकेदार ने निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पीड़ित ठेकेदार ने दर्द बयां करते हुए लिखा है कि जिस वार्ड में उन्होंने नाली निर्माण का काम किया था, वहां का पार्षद उनका सगा भांजा है।

पीड़ित के अनुसार, कार्यपालक अभियंता (EE) के निर्देश पर उन्होंने फरवरी में ही गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा कर दिया था। फाइल पर सभी अधिकारियों के हस्ताक्षर, क्वालिटी पेपर और ऑडिट प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उनके बिल का भुगतान अटका कर रखा गया है। आरोप है कि पार्षद भांजा 2 प्रतिशत कमीशन मांग रहा है, जबकि 'मेयर मैडम' के नाम पर अलग से कमीशन की मांग की जा रही है।

निगम के सामने आत्मदाह की धमकी:

पीड़ित कन्हाई कुमार सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी व्यथा साझा करते हुए लिखा—

मैं हाथ जोड़कर आप दोनों से निवेदन करता हूं कि एक बार मेरे घर आकर हालात देख लीजिए। अगर मुझे जल्द से जल्द मेरे बकाए का भुगतान नहीं मिला, तो मैं नगर निगम कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लूंगा। इसके लिए सीधे तौर पर पार्षद और मेयर जिम्मेदार होंगे।

सरयू राय ने नगर विकास मंत्री से की कार्रवाई की अपील

इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि नगर निकाय चुनाव से पहले स्वीकृत हुई योजनाओं के भुगतान में खुलेआम कमीशन की मांग की जा रही है। जब जनप्रतिनिधि अपने ही रिश्तेदारों को प्रताड़ित कर रहे हैं, तो आम ठेकेदारों की क्या स्थिति होगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रष्टाचार से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और मानसिक उत्पीड़न के शिकार लोग आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। विधायक ने नगर विकास मंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

........................................................................................................................

सरयू राय, मानगो नगर निगम कमीशन, जमशेदपुर न्यूज, Saryu Roy Jamshedpur, Mango Municipal Corporation News, Jamshedpur News, कंचन क्रांति न्यूज