रायबरेली में खाद्य सुरक्षा विभाग (FSDA) की जांच में पनीर, दूध और अचार समेत 7 खाद्य पदार्थ गुणवत्ता मानकों पर फेल पाए गए हैं। पनीर में खतरनाक तत्व मिलने पर कारोबारियों के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट ने आम जनमानस की सेहत को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है। जिले में लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों में से पनीर, अचार और दूध समेत सात खाद्य पदार्थ गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह फेल हो गए हैं। खास तौर पर पनीर में सेहत के लिए खतरनाक तत्व पाए गए हैं, जबकि अन्य खाद्य पदार्थों को अवमानक (Substandard) घोषित किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

इन दुकानों और उत्पादों के नमूने हुए फेल

पनीर (असुरक्षित व अवमानक): सलोन स्थित अंकुर सिंह की दुकान से लिया गया पनीर का नमूना जांच में खतरनाक और असुरक्षित पाया गया।

दूध (अवमानक): स्वेतधारा, जगतपुर और महाराजगंज स्थित जितेंद्र मौर्या की दुकान के साथ-साथ सलोन की भटनोसा डेयरी से लिए गए दूध के नमूने भी फेल हो गए हैं।

बूंदी लड्डू: खीरों स्थित रामप्रकाश की दुकान से भरा गया बूंदी के लड्डू का नमूना भी गुणवत्ता पर खरा नहीं उतरा।

सब्जी मसाला: हरचंदपुर से लिया गया ज्ञान मसाला का सब्जी मसाला भी जांच में फेल हो गया।

आम का अचार: भूएमऊ स्थित अनमोल संगम अचार का आम के अचार का नमूना भी अवमानक घोषित किया गया है।

कारोबारियों पर होगी कोर्ट में कार्रवाई

प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित सभी कारोबारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय, मानिक चंद्र सिंह ने जानकारी दी कि सभी आरोपियों से जवाब मांगा गया है। मानक के विपरीत खतरनाक पनीर बेचने वाले विक्रेता के खिलाफ ACJM कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया जाएगा, जबकि अन्य अवमानक खाद्य पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ ADJM कोर्ट में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

...........................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822