राजकीय श्रावणी मेला 2026 का दुम्मा कांवरिया पथ पर विधिवत उद्घाटन हुआ। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले मेले में एआई तकनीक, क्यूआर शिकायत निवारण प्रणाली और वीआईपी दर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।


तरुण कुमार कंचन, देवघर।

राजकीय श्रावणी मेला 2026 का बुधवार को झारखंड सीमा पर स्थित दुम्मा कांवरिया पथ में विधिवत शुभारंभ हुआ। 11 वैदिक पुरोहितों द्वारा बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कराने के बाद मेले का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास, पर्यटन, कला-संस्कृति तथा खेलकूद मंत्री सुदिव्य कुमार और ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे।


30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा विश्व प्रसिद्ध मेला

30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले इस विश्व प्रसिद्ध मेले के आयोजन को लेकर प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि देवघर आने वाले कांवरियों की सेवा प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुगमता और सुरक्षा के लिए इस वर्ष आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम लागू किया गया है।

भीड़ प्रबंधन और निगरानी के लिए एआई कैमरों के साथ-साथ श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु क्यूआर कोड आधारित शिकायत निवारण प्रणाली भी बनाई गई है। इसके माध्यम से किसी भी समस्या की तस्वीर साझा करने पर 15 मिनट के भीतर समाधान का दावा किया गया है।

वीआईपी और आउट ऑफ टर्न दर्शन पर पूरी तरह से रोक

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार श्रावणी मेले के दौरान वीआईपी, वीवीआईपी और 'आउट ऑफ टर्न' दर्शन की व्यवस्था पूरी तरह से बंद रहेगी। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि देवघर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अधिकारियों, सेवादारों और स्थानीय नागरिकों से मेले को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की। इसके अलावा देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह और जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर ने भी प्रशासनिक तैयारियों की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।


एआई, ड्रोन शो और शिवलोक में सांस्कृतिक प्रदर्शनी

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मेले में सुलभ एवं सुरक्षित जलार्पण की व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा के लिए ANPR (स्वचालित नंबर प्लेट पहचान), फेस रिकॉग्निशन और हेडकाउंट कैमरों का उपयोग किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के मनोरंजन और ज्ञानवर्धक अनुभव के लिए शिवलोक परिसर में भव्य प्रदर्शनी, सांस्कृतिक मंच और ड्रोन शो का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त पियुष सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

................................................................................................

श्रावणी मेला 2026, देवघर श्रावणी मेला, बाबा बैद्यनाथ धाम, कांवरिया पथ दुम्मा, सुदिव्य कुमार, दीपिका पांडेय सिंह, देवघर एआई सुरक्षा, वीआईपी दर्शन बंद, देवघर न्यूज, झारखंड पर्यटन