जमशेदपुर के गोलमुरी कैनरा बैंक में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े डाली डाका। कर्मियों को बंधक बनाकर 43 लाख कैश और करोड़ों का सोना लूटा। पढ़ें पूरी विस्तृत खबर
कंचन क्रांति न्यूज़, जमशेदपुर।
जमशेदपुर के गोलमुरी बाजार स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने एक सनसनीखेज डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब 9:10 बजे बैंक खुलते ही पांच की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की और बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर 43 लाख रुपये नकद तथा सेफ में रखा भारी मात्रा में बंधक सोना (मॉरगेज गोल्ड) लूटकर फरार हो गए। शुरुआती आकलन के अनुसार डकैती की कुल रकम 10 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, सिटी डीएसपी संजीव कुमार, ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार समेत सात थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जांच शुरू की और मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को बुलाकर फिंगरप्रिंट व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
बैंक खुलते ही घुसे अपराधी, एक घंटे तक रहे बंधक

बैंक के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि सुबह 9:10 बजे बैंक में सफाईकर्मी पहुंचे थे। जैसे ही बैंक का मुख्य दरवाजा खुला, पहले से घात लगाकर बैठे अपराधी अंदर घुस आए। बदमाशों ने तुरंत सभी कर्मियों के हाथ और पैर सेलो टेप से बांध दिए और उन्हें शांत रहने की धमकी दी।
थोड़ी देर बाद जब गार्ड अंदर पहुँचा, तो अपराधियों ने उसे भी बंधक बना लिया और पिस्तौल की बट से उसके चेहरे पर वार कर घायल कर दिया। इसके बाद एक अपराधी ने बैंक मैनेजर से लॉकर की चाबी ली और सेफ में रखे रुपयों व गहनों को पिट्ठू बैग में भरने लगा। पांचों अपराधी पैसों और सोने से भरे बैग लेकर ठीक एक घंटे बाद (सुबह 10:12 बजे) बाहर निकले और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घायल गार्ड को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है, जिसमें अपराधी साफ नजर आ रहे हैं। फुटेज के अनुसार, अपराधी दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर भागे और कुछ दूर जाने के बाद अलग-अलग रास्तों पर बिखर गए। उनमें से एक अपराधी के पैदल ही फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
बैंक में डकैती की घटना हुई है। पांच की संख्या में आए अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। बैंक प्रबंधन के अनुसार, 43 लाख रुपये नकद और मॉरगेज गोल्ड साथ ले गए हैं। बैंक में कुल कितने ग्राम सोना था, इसका सटीक आकलन किया जा रहा है। हालांकि, डकैती की कुल रकम 10 करोड़ से ज्यादा की हो सकती है। सभी अपराधियों ने रेनकोट पहन रखा था।
- शुभम खंडेलवाल, एसपी (ग्रामीण), पूर्वी सिंहभूम

................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822