श्रावणी मेला 2026 को लेकर मंत्री सुदिव्य कुमार की अध्यक्षता में देवघर में उच्चस्तरीय बैठक हुई। देवघर और बासुकीनाथ में VIP/VVIP दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे। AI तकनीक, टेंट सिटी और मिस्ट-कूलिंग से श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा।


तरुण कुमार कंचन, देवघर।

 विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला संस्कृति तथा खेलकूद मंत्री श्री सुदिव्य कुमार की अध्यक्षता में देवघर परिसदन सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

बैठक में मंत्री ने स्पष्ट किया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले के दौरान देवघर (बाबा बैद्यनाथ धाम) और बासुकीनाथ दोनों स्थानों पर आम श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सबसे ऊपर रहेगी। इसके तहत (Out of Turn Darshan) VIP और VVIP दर्शन व्यवस्था पर पूरी तरह से रोक रहेगी, ताकि कतारबद्ध होकर चलने वाले देवतुल्य कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 28 जुलाई तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के सख्त निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान देवघर उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया और दुमका उपायुक्त श्री अभिजीत सिन्हा ने अपने-अपने जिलों (देवघर व बासुकीनाथ क्षेत्र) में की जाने वाली व्यवस्थाओं का पीपीटी (PPT) के माध्यम से विस्तृत ब्योरा दिया।

मंत्री सुदिव्य कुमार ने निर्देश दिया कि 28 जुलाई तक मेला क्षेत्र की सभी व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने कहा:

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला झारखंड का सबसे बड़ा महोत्सव है। बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ की नगरी में आने वाले श्रद्धालु यहाँ से एक सुखद और मधुर स्मृति लेकर वापस लौटें, यह हम सभी का नैतिक दायित्व है। 29 जुलाई को सुविधाओं की पुनः समीक्षा की जाएगी।


 देवघर-बासुकीनाथ मार्ग पर सुगम आवागमन व वृहत टेंट सिटी

श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान और आरामदायक बनाने के लिए कई विशेष कदम उठाए जा रहे हैं:

देवघर-बासुकीनाथ हाईवे पर बेहतर समन्वय: श्रद्धालुओं को देवघर से बासुकीनाथ जाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और नेशनल हाईवे (NH) के अधिकारियों को आपसी समन्वय से सड़क और ट्रैफ़िक व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।

विस्तृत टेंट सिटी: तीन प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पहले से अधिक विशाल और सुसज्जित टेंट सिटी का निर्माण किया जा रहा है।

मिस्ट-कूलिंग और इंद्र वर्षा: भीषण गर्मी व उमस से राहत दिलाने के लिए संपूर्ण मेला परिसर, कांवड़िया पथ और विश्राम स्थलों पर मिस्ट-कूलिंग (Mist Cooling) और कृत्रिम इंद्र वर्षा की संख्या में इजाफा किया जाएगा।

24 घंटे नागरिक सुविधाएं: पेयजल, शौचालय, स्नानगृह, पथ प्रकाश, तोरण द्वार, स्वच्छता और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था 24 घंटे चुस्त-दुरुस्त रहेगी।


एआई (AI) तकनीक और QR कोड से बदलेगा मेला प्रबंधन

इस बार राजकीय श्रावणी मेले को पूरी तरह आधुनिक और हाई-टेक बनाया जा रहा है:

QR कोड बेस्ड फीडबैक व शिकायत प्रणाली: मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जगह-जगह क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जिससे सीधे जिला प्रशासन को फीडबैक और शिकायतें मिल सकेंगी।

AI-बेस्ड सर्विलांस सिस्टम: भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए एआई आधारित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम, एआई कैमरे, एआई ट्रैफिक मैनेजमेंट, ड्रोन सर्विलांस, फेस रिकॉग्निशन (चेहरा पहचान) कैमरे और हाई क्वालिटी ANPR कैमरे लगाए जाएंगे।

स्मार्ट सुविधाएं: श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए AI चैटबॉट, डिजिटल पवेलियन और लोकेशन-बेस्ड अटेंडेंस सिस्टम जैसी तकनीकों का भी इस्तेमाल होगा।


 बैठक में शामिल प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं उच्च अधिकारी

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, ऊर्जा विभाग, भवन निर्माण, पर्यटन, आपदा प्रबंधन व पेयजल विभाग के सचिव, संथाल परगना कमिश्नर, डीआईजी दुमका, देवघर व दुमका के पुलिस अधीक्षक, देवघर की महापौर, दोनों जिलों के उप विकास आयुक्त (DDC), नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), सिविल सर्जन और DMFT की टीम सहित सभी संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।

.....................................................................................

Shravani Mela 2026, Deoghar Baba Baidyanath, Minister Sudivya Kumar, VIP Darshan Ban Deoghar, Deoghar News, Jharkhand Tourism