मधुपुर-जसीडीह रेलखंड पर ट्रैक मेंटेनेंस के चलते 4 अक्टूबर से 27 दिसंबर तक 36 दिनों का ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। जानें कौन-सी मेमू ट्रेनें रद्द हैं और किन ट्रेनों के समय में बदलाव हुआ है।


जसीडीह। रेलवे यात्रियों के लिए एक जरूरी और बड़ी खबर सामने आई है। आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले मधुपुर-जसीडीह मुख्य रेलखंड पर ट्रैक मेंटेनेंस का काम किया जाना है। इसके चलते रेलवे प्रशासन ने 4 अक्टूबर से 27 दिसंबर तक विभिन्न तिथियों पर ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है।

इस दौरान इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों, खासकर दैनिक यात्रियों और त्योहारों के सीजन में यात्रा करने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, निर्धारित अवधि के दौरान प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को 210 मिनट (3.5 घंटे) का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। कुल मिलाकर यह ब्लॉक 36 दिनों तक प्रभावी रहेगा।

ट्रैफिक ब्लॉक के कारण इन 36 दिनों के दौरान निम्नलिखित मेमू ट्रेन का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। ट्रेन संख्या 63565 / 63566 (जसीडीह-झाझा-जसीडीह मेमू) ट्रेन पूरी तरह से रद्द रहेगी।

अक्टूबर में 4, 6, 9, 11, 13, 16, 18, 23, 25, 27 और 30 तारीख को रद्द रहेगी। नवंबर में 1, 3, 6, 8, 10, 13, 15, 17, 20, 22, 24, 27 और 29 तारीख और दिसंबर में1, 4, 6, 8, 11, 13, 15, 18, 20, 22, 25 और 27 तारीख को परिचालन रद्द रहेगा।

ट्रैक मेंटेनेंस और ब्लॉक के कारण तीन अन्य मेमू ट्रेनों को उनके निर्धारित समय से देरी से चलाया जाएगा ।

ट्रेन संख्या 63561 (आसनसोल-जसीडीह मेमू) निर्धारित समय से 60 मिनट की देरी (पुनर्निर्धारित समय) से चलेगी।

ट्रेन संख्या 63545 (अंडाल-जसीडीह मेमू) निर्धारित समय से 30 मिनट की देरी से चलेगी।

ट्रेन संख्या 63547 (जसीडीह-बांका मेमू) निर्धारित समय से 20 मिनट की देरी से चलेगी।


त्योहारी सीजन और पूजा के दौरान ट्रेनों से आवागमन करने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक होती है। ऐसे में इस ब्लॉक के कारण यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित ट्रेनों के संशोधित और बदले हुए समय की पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।




सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822