देवघर के दामोदर ग्राम इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी महापर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। जानिए महायज्ञ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, महाअभिषेक और नंदोत्सव का पूरा शेड्यूल।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
जसीडीह-देवघर मुख्य मार्ग पर रोहिणी मोड़ स्थित दामोदर ग्राम इस्कॉन देवघर मंदिर में शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी उत्सव की शुरुआत अलसुबह 6:00 बजे भव्य मंगल आरती के साथ हुई। इसके पश्चात प्रातः 10:00 बजे विश्व शांति, भलाई और समृद्धि की कामना को लेकर एक विशेष महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस महायज्ञ में झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार और पश्चिम बंगाल से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं और इस्कॉन अनुयायियों ने आहुति दी।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भक्ति संगीत
संध्या 4:30 बजे मुख्य धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ मङ्गलाचरण और मधुर भजन-कीर्तन से होगा। इसके बाद देवघर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए कलाकारों और बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसमें शास्त्रीय व सुगम संगीत, भक्ति नृत्य, वाद्य वादन, फैंसी ड्रेस और सामूहिक नृत्य जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होगी।
भगवान कृष्ण के जन्म का आध्यात्मिक महत्व
इस्कॉन देवघर के प्रमुख श्री श्रीनिवास गोपाल दास प्रभु ने बताया कि रात्रि 8:30 बजे से श्रीकृष्ण जन्मकथा का वाचन किया जाएगा। उन्होंने जन्माष्टमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान विष्णु के अवतार श्री कृष्ण का प्राकट्य हुआ था। उनका जन्म अत्याचार, अधर्म और राजा कंस के पापों का अंत कर धर्म की स्थापना के लिए हुआ था। श्री कृष्ण प्रेम, करुणा और ज्ञान के सर्वोच्च प्रतीक हैं। यह पर्व हमें अपने भीतर निस्वार्थ प्रेम और सकारात्मक आंतरिक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देता है।
रात 10 बजे से शुरू होगा महाअभिषेक
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, रात्रि 10:00 बजे से भगवान श्री कृष्ण का भव्य महाअभिषेक प्रारंभ होगा। महाअभिषेक में 7 पवित्र नदियों के जल, 7 प्रकार के फलों के रस, दूध, दही, शहद, गुड़ तथा अन्य दिव्य सामग्रियों से भगवान का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद श्रीविग्रह को 108 व्यंजनों का महाभोग अर्पित कर महाआरती की जाएगी। अंत में श्रद्धालुओं के बीच चरणामृत और एकादशी महाप्रसाद का वितरण होगा, जो देर रात 1:30 बजे तक चलेगा।
शनिवार को मनेगा नंदोत्सव और प्रभुपाद जन्मोत्सव

शनिवार (5 सितंबर) को मंदिर प्रांगण में नंदोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद जी का आविर्भाव महोत्सव (जन्मोत्सव) भी धूमधाम से मनाया जाएगा।
इस अवसर पर दोपहर 12:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का अटूट वितरण होगा। संध्या बेला में आचार्य श्रील प्रभुपाद की महिमा का गान, जन्मकथा वाचन, बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और केक काटने के साथ दो दिवसीय जन्मोत्सव का समापन होगा।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822