चिचाकी रेलवे ट्रैक पर मिली युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। प्रेम प्रसंग और पैसों की मांग के विवाद में प्रेमी और उसकी पत्नी ने मिलकर हत्या की थी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट
बगोदर। झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिचाकी रेलवे ट्रैक के किनारे मिली अज्ञात युवती के शव के मामले का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। जिसे पहले एक सामान्य रेल हादसा समझा जा रहा था, वह दरअसल प्रेम प्रसंग में रची गई एक सुनियोजित हत्या थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेमी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
20 सितंबर को चिचाकी रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था, जिसके संबंध में गोमो रेल थाने में यूडी केस संख्या-182/26 दर्ज किया गया था। इसी बीच, मृतका के परिजनों ने बगोदर थाने में उसके लापता होने और अपहरण की आशंका जताते हुए सूचना दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जीरो एफआईआर के आधार पर बगोदर थाना में कांड संख्या-205/26 (दिनांक 27 अक्टूबर) बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसडीपीओ धनंजय कुमार राम के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी (पिता स्व० कमल मंडल, निवासी कंचनपुरा, थाना सरिया) के रूप में हुई। मृतका वर्तमान में बगोदर के कृष्णा विवेक नगर में किराए के मकान में रहती थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि उसका पिछले 4-5 वर्षों से बगोदर रेलवे स्टेशन टिकट काउंटर पर काम करने वाले विनोद मंडल के साथ प्रेम संबंध था। विनोद ही उसका कमरा किराया और अन्य खर्चे उठाता था। हाल ही में लक्ष्मी आंध्र प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी और इग्नू में नामांकन के लिए 50 हजार रुपये की मांग कर रही थी, जिससे आरोपी विनोद काफी परेशान हो चुका था। इसी विवाद के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने की साजिश रची।
पुलिस के खुलासे के मुताबिक, 19 सितंबर की दोपहर 12:30 बजे विनोद ने लक्ष्मी को बगोदर बुलाया। इसके बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर उसे एक सुनसान घर में ले गया और दोपहर करीब 2:30 बजे गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
साक्ष्य छुपाने के लिए उसने अपनी पत्नी सविता देवी को भी इसमें शामिल किया। रात 12 से 1 बजे के बीच दोनों ने मिलकर शव को एक प्लास्टिक के बोरे में भरा और मोटरसाइकिल से ले जाकर चिचाकी रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया, ताकि यह मामला पूरी तरह से ट्रेन दुर्घटना लगे।
हत्या को दुर्घटना दिखाने के लिए आरोपियों ने मृतका के ही मोबाइल फोन से उसी के नंबर पर "मैं कहीं जा रही हूं, अब नहीं आऊंगी" का एक मैसेज भेजा ताकि परिजनों और पुलिस को भ्रमित किया जा सके। इसके अलावा, मृतका का बैग और मोबाइल सरिया रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया गया, जो बाद में ट्रेन के जरिए जम्मू तक चला गया।
एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विनोद मंडल (40 वर्ष) और उसकी पत्नी सविता देवी (35 वर्ष), दोनों निवासी कंचनपुरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, प्लास्टिक का बोरा, गमछा और दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली छापेमारी टीम में एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, पुलिस निरीक्षक अजय कुमार सिंह, थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित कुल 12 पुलिस कर्मी शामिल थे।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822