साहिबगंज में पुलिस ने दो अलग-अलग छापों में 5 देसी कट्टा और 1 बंदूक के साथ 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर


साहिबगंज । जिले की मुफस्सिल थाना पुलिस ने अपराध पर लगाम कसने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल पाँच देसी कट्टा, एक देसी बंदूक, एक जिंदा कारतूस और एक गोली का खोखा जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 28-29 अक्टूबर की रात को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज स्थित मुस्लिमटोला के एक घर में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने मौके से चार देसी कट्टा, एक देसी बंदूक, एक जिंदा कारतूस और एक गोली का खोखा बरामद किया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को भी गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

इस बड़ी घटना से ठीक पहले, बीते बुधवार की रात को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने महादेवगंज डीबीएल गंगा पुल के पास संदिग्ध स्थिति में दो युवकों को रोका। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों युवकों को तुरंत हिरासत में ले लिया।

पुलिस के एक वरीय अधिकारी ने जानकारी दी है कि आज दोपहर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें इस पूरे मामले का आधिकारिक रूप से खुलासा किया जाएगा और गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास तथा नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822