दुकानदारों ने मलिकमऊ निवासी व्यक्ति पर धमकाने का लगाया आरोप, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया मामला

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

रायबरेली के अमावां मलिकमऊ चौराहे पर दुकानों को हटाने की धमकी को लेकर बुधवार को विवाद हो गया। आक्रोशित दुकानदारों ने हंगामा करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कथित तौर पर धमकी देने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया और दुकानदारों को शांत कराया।

दुकानदारों का आरोप है कि मलिकमऊ निवासी पुच्ची सोनकर अपने बेटे की धौंस देकर उन्हें दुकानें हटाने की धमकी देता है। चौराहे पर दुकानदारों ने टिनशेड लगाकर अस्थायी दुकानें बना रखी हैं। आरोप है कि बुधवार सुबह पुच्ची सोनकर वहां पहुंचा और दुकानदारों से दुकानें हटाने को कहा। ऐसा नहीं करने पर उन्हें धमकी दी गई। इससे दुकानदारों में नाराजगी फैल गई और मौके पर हंगामा शुरू हो गया।

पहले भी हटाई गई थीं दुकानें

दुकानदार सतेंद्र और अनूप ने बताया कि बीते 21 सितंबर की रात एक निजी नर्सिंग होम के संचालक ने उनकी दुकानें हटवा दी थीं। उस समय मामला बढ़ने के बाद दुकानदारों ने दोबारा अपनी दुकानें लगा ली थीं। उनका कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की जमीन पर दुकानें लगाने के बावजूद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।

दुकानदारों ने मामले में उचित कार्रवाई करने और उन्हें धमकी से राहत दिलाने की मांग की है। हालांकि, जमीन पर दुकानों की वैधता और विवाद से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

धमकी देने वालों पर होगी कार्रवाई : सीओ

सीओ सदर आशीष निगम ने कहा कि दुकानदारों को धमकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की परिस्थितियों और शिकायत के आधार पर आवश्यक कदम उठाएगी।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822