हंसडीहा-देवघर मार्ग पर फाइनांस कर्मी से बाइक लूटकर भाग रहे तीन अपराधियों को सरैयाहाट के पास भीड़ ने घेर लिया। मारपीट में एक अपराधी की मौत हो गई, जबकि दूसरे का दुमका PJMCH में इलाज जारी है।
दुमका (हंसडीहा/सरैयाहाट)। हंसडीहा-देवघर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-133) पर रविवार की देर रात हथियार के बल पर फाइनांस कर्मी से बाइक लूटकर भाग रहे तीन अपराधियों को स्थानीय लोगों ने घेर लिया। आक्रोशित भीड़ की पिटाई से एक अपराधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। भीड़ का फायदा उठाकर तीसरा अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
सूचना मिलने के बाद सरैयाहाट पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक अपराधी के शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PJMCH) भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल अपराधी को इलाज के लिए इसी अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मॉब लिंचिंग में मारे गए अपराधी की पहचान बिहार के बांका जिला अंतर्गत बंधुवाकुरा थाना क्षेत्र के अम्बातरी गांव निवासी अरबाज अंसारी (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, अस्पताल में इलाजरत दूसरे अपराधी की पहचान उसी गांव के दानवीर पासवान (24 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस ने घटना की जानकारी दोनों आरोपियों के परिजनों को दे दी है और फरार तीसरे साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
कैसे घटी पूरी घटना?
घटना रविवार देर रात हंसडीहा थाना क्षेत्र के पगवारा पहाड़ के पास की है।
लूट की वारदात हंसडीहा-देवघर मार्ग पर तीन अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने एक फाइनांस कर्मी को रोककर हथियार दिखाया और मारपीट करते हुए उसकी बाइक लूट ली।
पीड़ित फाइनांस कर्मी ने तुरंत हंसडीहा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के सभी थानों को सतर्क किया और घेराबंदी शुरू कर दी। इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को भी अलर्ट किया गया।
लुटेरे छीनी गई बाइक को लेकर सरैयाहाट के रास्ते भाग रहे थे। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के चोराजोर मोड़ के पास संदिग्ध हालत में बाइक ले जाते देख कुछ ग्रामीणों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। शक होने पर लोगों ने अपराधियों को चारों तरफ से घेर लिया।
खुद को घिरता देख अपराधी भागने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद उत्तेजित भीड़ ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के दौरान एक आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन अरबाज और दानवीर भीड़ के हत्थे चढ़ गए। पिटाई में अरबाज की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल से पुलिस ने फाइनांस कर्मी से लूटी गई बाइक के साथ-साथ अपराधियों की अपनी बाइक भी जब्त कर ली है। इसके अलावा घायल आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई है। पुलिस पूरे मामले की कानूनी जांच और फरार आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।
