देवघर में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई। फर्जी कस्टमर केयर और लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 5 शातिर गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर
कंचन क्रांति न्यूज़, देवघर।
देवघर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) कैलाश प्रसाद महतो के मार्गदर्शन में साइबर थाना की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं।
देवघर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट (Flipkart), अमेजन (Amazon) के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक के अधिकारी और गूगल पर फोनपे (PhonePe) कस्टमर केयर के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा, ये अपराधी प्रधानमंत्री किसान योजना (PM Kisan) और लोन दिलाने का झांसा देकर फर्जी मोबाइल नंबरों के माध्यम से लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे थे। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर इन पांचों अपराधियों को धर दबोचा।
पुलिस पूछताछ और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये साइबर अपराधी फर्जी Google Pay / PhonePe / Paytm Customer Care या IRCTC पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का लालच देते थे और फोनपे गिफ्ट कार्ड (PhonePe Gift Card) क्रिएट करवाकर उसे रिडीम कर ठगी करते थे। इसके अलावा खुद को एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बताकर उपभोक्ताओं को एयरटेल थैंक्स ऐप (Airtel Thanks App) के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद होने का झांसा देते थे और उसे पुनः चालू कराने के नाम पर ठगी करते थे।
गिरफ्तार अपराधियों में तौहिद अंसारी (उम्र 22 वर्ष), पिता अनाउल मियां, साकिन पिंडारी, थाना सारठ, दिनेश महरा (उम्र 29 वर्ष), पिता रामकिशुन प्रसाद दास, साकिन घाघरा, थाना पथरड्डा ओ.पी., अघनु दास (उम्र 25 वर्ष), पिता छत्तीसगढ़ दास, साकिन बड़ा संघरा, थाना पथरौल, प्रमोद कुमार दास (उम्र 34 वर्ष), पिता कारू दास, साकिन घाघरा, थाना पथरड्डा ओ.पी. और सुमन कुमार (उम्र 18 वर्ष), पिता मनोज दास, साकिन घाघरा, थाना पथरड्डा ओ.पी को पकड़ा गया है। सभी देवघर जिला के ही रहनेवाले हैं। इनमें प्रमोद कुमार दासका आपराधिक इतिहास रहा है। यह देवघर साइबर थाना कांड संख्या 42/21 में आरोपित है।
छापामारी दल द्वारा गिरफ्तार अपराधियों के पास से 05 मोबाइल फोन और 05 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में इन उपकरणों से साइबर ठगी में संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिले हैं। इस छापामारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक बिशेश्वर कुमार और पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम शामिल थी।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822