पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के खागड़ा गांव में ई-रिक्शा चोरी कर भाग रहे पश्चिम बंगाल के चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर पेड़ से बांध दिया और धुनाई कर दी। पढ़ें पूरी खबर।


पाकुड़। महेशपुर थाना क्षेत्र के खागड़ा गांव में बीती रात चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां राजू रविदास के घर के बाहर खड़ी ई-रिक्शा (टोटो) को चुराकर भाग रहे एक शातिर चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथों दबोच लिया। चोरी की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चोर की जमकर धुनाई कर दी और उसे भागने से रोकने के लिए रस्सी से पेड़ में बांधकर बंधक बना लिया।


पकड़े गए चोर की पहचान पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले अंतर्गत मुरारोई थाना क्षेत्र के भुसना गोपालपुर गांव निवासी शमीम शेख के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि इस वारदात में उसका एक और साथी शामिल था। दूसरा चोर, जिसकी पहचान मुरारोई थाना क्षेत्र के पनियाड़ा गांव निवासी साहेबुल शेख के रूप में हुई है, अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।


घटना की जानकारी मिलते ही महेशपुर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और दल-बल के साथ खागड़ा गांव पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और बंधक बने चोर को उनके चंगुल से मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शमीम शेख को अपनी हिरासत में लेकर थाने ले आई, जहां उससे फरार साथी के ठिकाने और अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


पुलिस प्रशासन का कहना है कि टोटो मालिक राजू रविदास की ओर से अभी तक लिखित शिकायत (आवेदन) दर्ज नहीं कराई गई है। लिखित आवेदन मिलते ही मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। वहीं फरार आरोपी साहेबुल शेख की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822