रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 154 बोतल विदेशी शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पटना और जसीडीह के रहने वाले हैं। पढ़ें पूरी खबर
कंचन क्रांति न्यूज, जसीडीह (देवघऱ)।
देवघर जिले के जसीडीह रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 154 बोतल विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई स्टेशन परिसर में सुरक्षा जांच और गश्त के दौरान की गई। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध शराब की खेप को कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां खपाया जाना था।
मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ की टीम नियमित गश्त और निगरानी के तहत जसीडीह स्टेशन परिसर में तैनात थी। इसी दौरान जवानों की नजर स्टेशन के फुट ओवरब्रिज (FOB) पर खड़े तीन युवकों पर पड़ी, जो संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त नजर आ रहे थे। जवानों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों को रोका और उनके पास मौजूद सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके बैग और सामान से कुल 154 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद तीनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में विवेक कुमार, नया देदौर, बख्तियारपुर थाना क्षेत्र, जिला पटना (बिहार), विकास कुमार, पंडारक, जिला पटना (बिहार) और अमित कुमार सिंह, कजरिया कॉलोनी, जसीडीह (झारखंड) शामिल हैं।
आरपीएफ ने जब्ती की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद की गई सभी 154 बोतल विदेशी शराब को नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया है। आरपीएफ और उत्पाद विभाग अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रहे हैं कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इस खेप का मुख्य स्रोत और गंतव्य क्या था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822