देवघर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे चोरी भी 'रॉयल स्टाइल' में वीआईपी गाड़ियों से करने लगे हैं। नंदन पहाड़ क्षेत्र में चोर एसबीआई का पूरा एटीएम बूथ ही उखाड़कर ले उड़े, जबकि पूरी जनता सपनों की दुनिया में और देवघर पुलिस अपनी चिर-परिचित कुंभकर्णी नींद में मस्त थी। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने का पारंपरिक नाटक कर रही है, जहां सब कुछ 'साफ' दिख रहा है, बस नतीजा गायब है!

 तरुण कुमार कंचन, देवघर।

देवघर जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी नंदन पहाड़ क्षेत्र में देखने को मिली है। चोरों का एक ग्रुप आया, वीआईपी गाड़ी लगाई, शटर काटा और एटीएम को घसीट कर ले गया। पूरा मोहल्ला सो रहा था, पुलिस कुंभकर्णी नींद में थी और जनता सपनों के लोक में विचरण कर रही थी।

यहाँ सोमवार आधी रात को बेखौफ चोर स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया (SBI) के पूरे एटीएम बूथ को ही उखाड़कर अपने साथ ले गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है। गनीमत है कि चोरों ने अभी तक देवघर का मंदिर या पूरा थाना उठाकर ले जाने की योजना नहीं बनाई है, वरना पुलिस को उसकी भी भनक सुबह की चाय के बाद ही लगती।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया है। चोरों ने सबसे पहले एटीएम बूथ का शटर तोड़ा। सीसीटीवी में साफ-साफ दिख रहा है, बदमाशों ने सेवन शीटर कार से रस्सी या चेन बांधकर एटीएम मशीन को उखाड़ा है। घटना के वक्त एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था, जिसका पूरा फायदा उठाकर 5 से 6 नकाबपोश बदमाशों ने इस वारदात को बेहद इत्मीनान से ऐसे अंजाम दिया, मानो वे बैंक से पैसे नहीं, बल्कि अपना पुश्तैनी सामान निकाल रहे हों।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह स्थानीय नगर थाना पुलिस अपनी मद्धिम चाल से मौके पर पहुँची और नेहमी की तरह छानबीन का पाखंड शुरू कर दिया। पुलिस फिलहाल एटीएम और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी है। जब फुटेज में सब कुछ एकदम 'साफ' दिख रहा है, तो अब असली परीक्षा इस बात की है कि झारखंड पुलिस इसका क्या परिणाम सामने लाती है, या फिर मामला हमेशा की तरह फाइलों में दफन हो जाता है।

 मशीन में कुल कितना कैश था, इसका सटीक आकलन अभी तक नहीं हो सका है, लेकिन बैंक अधिकारियों के आने के बाद ही नुकसान की सही राशि का पता चल पाएगा। तब तक पुलिस आश्वासन की घुट्टी पिलाने में जुटी है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है और 'जल्द ही' इस गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। 

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822