गोड्डा। गोड्डा-पथरगामा नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।


कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, छड़ (सरिया) से लदा एक ट्रैक्टर गोड्डा से ललमटिया की ओर जा रहा था। जब ट्रैक्टर रॉयल स्पून होटल के समीप पहुंचा, तभी अचानक उसका एक्सल (Axle) टूट गया। एक्सल टूटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

ट्रैक्टर पर सवार लोग भारी सरिया और वाहन के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक सुनील महतो और निवास बावरी, दोनों निवासी पांडुबथान (गोड्डा) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं प्रकाश बावरी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल प्रकाश बावरी ने बताया कि ट्रैक्टर पर कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद दो अन्य लोग घटनास्थल से अपने घर चले गए।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सुनील महतो और निवास बावरी की मौत हो चुकी थी। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

ट्रैक्टर पलटने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की सहायता से ट्रैक्टर को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर का एक्सल टूटने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर क्षमता से अधिक भार या अधिक लोगों को बैठाने की वजह से दुर्घटना हुई या नहीं।