रायबरेली के डिग्री कॉलेज चौराहे स्थित शहीद चौक पर साइकिल यात्रा के दौरान युवाओं और भाजपाइयों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्कामुक्की। पुलिस ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद कराया मामला शांत। पूरी खबर पढ़ें।
कंचन क्रांति न्यूज, रायबरेली।
रायबरेली के डिग्री कॉलेज चौराहे स्थित शहीद चौक पर रविवार को पुलिस की मौजूदगी में बड़ा हंगामा देखने को मिला। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि देने पहुँचे युवाओं के दल और पहले से वहाँ मौजूद भाजपाइयों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की और 'देख लेने की धमकी' का दौर शुरू हो गया।
जानकारी के मुताबिक, चौरी-चौरा से 20 अगस्त को शुरू हुई साइकिल यात्रा दल के युवा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शहीद चौक पहुँचे थे। वहीं, एक अन्य कार्यक्रम के तहत स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता पहले से ही शहीद चौक पर मौजूद थे। यात्रा दल में शामिल युवा अचानक 'भाजपा मुर्दाबाद' के नारे लगाने लगे, जिसका भाजपाइयों ने कड़ा विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी बहस, नारेबाजी और धक्कामुक्की शुरू हो गई।
भाजपा की ओर से मौके पर मौजूद आशीष पाठक, राजकुमार सिंह, शिशिर श्रीवास्तव, मोहित सिंह और अन्य पदाधिकारियों का कहना था कि इस प्रकार सार्वजनिक रूप से पार्टी विरोध प्रदर्शन करना और माहौल बिगाड़ना पूरी तरह गलत है।
दूसरी ओर, स्वराज इंडिया पार्टी के जिलाध्यक्ष राम विलास यादव ने स्पष्ट किया कि युवा दल शांतिपूर्ण तरीके से अपनी यात्रा निकाल रहा है और वे किसी भी परिस्थिति में हिंसा या टकराव का रास्ता नहीं अपनाएंगे। घटनास्थल पर पहले से ही पुलिस बल तैनात था। युवाओं द्वारा नारेबाजी और टकराव की स्थिति बनते ही पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामला टाला। सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दोनों पक्षों को शांत करा दिया गया है।
रिपोर्ट - रविशंकर सिंह
...........................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822