रायबरेली के मोहारी का पुरवा गांव में प्रियंका यादव की संदिग्ध मौत के मामले में पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान मिले। पूरी खबर यहाँ पढ़ें
कंचन क्रांति न्यूज | रायबरेली
रायबरेली के मोहारी का पुरवा गांव में 30 वर्षीय प्रियंका यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में मृतका के पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रियंका के मुंह और चेहरे पर चोट के निशान पाए जाने से मामले में हत्या की आशंका और गहरी हो गई है।
मृतका प्रियंका की शादी साल 2021 में अखिलेश यादव के साथ हुई थी। शनिवार सुबह ससुराल पक्ष के लोग उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेलाभेला पहुँचे, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ससुरालवालों ने पुलिस को अपनी सफाई में बताया कि प्रियंका आंगन में पानी लेकर जा रही थी, तभी पैर फिसलने से वह गिरकर बेहोश हो गई थी।
पिता का गंभीर आरोप
मृतका के पिता राम बहादुर यादव ने ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ससुराल वाले दहेज में एक प्लॉट की मांग कर रहे थे। जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो उनकी बेटी की गला घोंटकर या पीटकर हत्या कर दी गई और इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।
सीओ सदर आशीष निगम ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। नामजद आरोपियों में पति अखिलेश यादव, देवर अरविंद यादव, ननद ऊषा और एक अज्ञात बुआ शामिल हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट - रविशंकर सिंह
...........................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822