मार्च 2027 तक 200 से 300 समर्पित शाखाएं खोलने की योजना, ग्राहकों को मिलेगा सुरक्षित और पारदर्शी ऋण का विकल्प
कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
सोने के आभूषणों के बदले सुरक्षित ऋण उपलब्ध कराने के बाजार में आदित्य बिड़ला कैपिटल लिमिटेड ने कदम रखा है। कंपनी के गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) कारोबार ने बिहार के मधुबनी में अपनी पहली समर्पित गोल्ड लोन शाखा शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल के जरिए कंपनी अपने वित्तीय सेवा पोर्टफोलियो का विस्तार करने के साथ शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में औपचारिक ऋण सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना चाहती है। कंपनी की योजना मार्च 2027 तक संभावनाओं वाले बाजारों में 200 से 300 समर्पित गोल्ड लोन शाखाएं स्थापित करने की है।
बिहार में गोल्ड लोन बाजार पर कंपनी की नजर
बिहार को संगठित गोल्ड लोन कारोबार के लिए संभावनाओं वाला बाजार माना जा रहा है। राज्य की बड़ी आबादी, वित्तीय समावेशन में बढ़ोतरी, संगठित ऋणदाताओं की सीमित पहुंच और सुरक्षित ऋण की बढ़ती मांग इस क्षेत्र में विस्तार के अवसर पैदा कर रही है। मिथिला क्षेत्र के प्रमुख शहरी और व्यावसायिक केंद्र के रूप में मधुबनी आसपास के अर्ध-शहरी एवं ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों तक पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने अपने शुरुआती विस्तार के लिए मधुबनी को चुना है।
आदित्य बिड़ला कैपिटल की गोल्ड लोन सेवा में शाखा के माध्यम से प्रत्यक्ष सहायता के साथ डिजिटल माध्यम से जुड़ने की सुविधा भी शामिल होगी। कंपनी के अनुसार, ग्राहकों को पारदर्शी मूल्य निर्धारण, गिरवी रखे गए सोने के आभूषणों की सुरक्षित देखरेख और सरल ऋण प्रक्रिया उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य ग्राहकों को उनकी वित्तीय जरूरतों के अनुरूप सुविधाजनक और विश्वसनीय ऋण विकल्प प्रदान करना है।
ग्राहक-केंद्रित वित्तीय सेवाओं पर जोर
इस शुरुआत पर आदित्य बिड़ला कैपिटल लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं एनबीएफसी कारोबार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश सिंह ने कहा कि गोल्ड लोन कारोबार की शुरुआत कंपनी के व्यापक और ग्राहक-केंद्रित वित्तीय सेवा तंत्र के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि मिथिला क्षेत्र में मधुबनी का वाणिज्यिक और शैक्षणिक महत्व तथा संगठित वित्तीय सेवाओं की बढ़ती मांग इसे गोल्ड लोन कारोबार के लिए अहम बाजार बनाती है। कंपनी की चरणबद्ध विस्तार योजना मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था, बेहतर परिचालन और भरोसेमंद सेवाओं के आधार पर ग्राहकों को पारदर्शी एवं सुविधाजनक सुरक्षित ऋण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
राकेश सिंह के मुताबिक, मधुबनी और आसपास के बाजारों में अपनी मौजूदगी मजबूत कर कंपनी ग्राहकों की बदलती वित्तीय जरूरतों को पूरा करने और उनके साथ दीर्घकालिक संबंध स्थापित करने की दिशा में काम करेगी।
1,759 से अधिक शाखाओं का नेटवर्क
आदित्य बिड़ला कैपिटल और उसकी सहायक कंपनियों एवं संयुक्त उपक्रमों का देशभर में 1,759 से अधिक शाखाओं का नेटवर्क है। कंपनी के मुताबिक, 30 जून 2026 तक उसका समेकित ऋण कारोबार 2.19 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका था। गोल्ड लोन कारोबार का चरणबद्ध विस्तार बिहार में संगठित और औपचारिक सुरक्षित ऋण सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने की कंपनी की रणनीति का हिस्सा है।
कंपनी का एनबीएफसी कारोबार उसके प्रमुख विकास क्षेत्रों में शामिल है। यह खुदरा ग्राहकों, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एसएमई) और कॉरपोरेट क्षेत्र को सुरक्षित तथा असुरक्षित ऋण उपलब्ध कराता है। इसके प्रमुख कारोबार क्षेत्रों में व्यक्तिगत एवं उपभोक्ता ऋण, असुरक्षित कारोबारी ऋण, सुरक्षित कारोबारी ऋण और कॉरपोरेट एवं मिड-मार्केट ऋण शामिल हैं।
वित्त वर्ष 2026 में 27 प्रतिशत बढ़ा एयूएम
कंपनी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में एनबीएफसी कारोबार की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़कर 1,59,916 करोड़ रुपये हो गईं। इसमें खुदरा और एसएमई कारोबार की हिस्सेदारी लगभग 68 प्रतिशत रही। इसी अवधि में ऋण वितरण 25 प्रतिशत बढ़कर 84,204 करोड़ रुपये और कर-पूर्व लाभ (पीबीटी) 20 प्रतिशत बढ़कर 4,023 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में भी कंपनी ने वृद्धि दर्ज की। इस दौरान एयूएम सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 1,67,456 करोड़ रुपये हो गया। ऋण वितरण में 34 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ यह 21,201 करोड़ रुपये तक पहुंचा, जबकि कर-पूर्व लाभ 32 प्रतिशत बढ़कर 1,222 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी को उम्मीद है कि गोल्ड लोन कारोबार के विस्तार से उसके वित्तीय सेवा पोर्टफोलियो को मजबूती मिलेगी और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में ग्राहकों को सोने के आभूषणों के बदले औपचारिक ऋण प्राप्त करने का एक और विकल्प उपलब्ध होगा।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822