एम्स देवघर में सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने 'नमो जल सेवा' का शुभारंभ किया। डीवीज लैबोरेट्री के सहयोग से गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में कुल 13 वाटर प्लांट लगाए जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर।

तरुण कुमार कंचन, देवघर

देवघर एम्स में बुधवार को 'नमो जल सेवा' की शुरुआत कर दी गई। इसका उद्घाटन गोड्डा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने किया। दिन के करीब 12 बजे सांसद डॉ. निशिकांत दुबे एम्स परिसर पहुंचे। उनके साथ एम्स के कार्यकारी निदेशक और सीईओ (Executive Director & CEO) प्रो. डॉ. नितिन एम. गंगाने भी मौजूद थे।

कार्यक्रम की शुरुआत में सांसद डॉ. निशिकांत दुबे को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद एम्स के डायरेक्टर डॉ. नितिन एम. गंगाने और सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर जल सेवा यूनिट की शुरुआत की। इसके उपरांत उन्होंने जल ग्रहण किया और अन्य लोगों को भी 'नमो जल सेवा' का पानी पिलाया।

पीएम मोदी के 25 वर्षों की सेवा और 2047 के विजन पर चर्चा

उद्घाटन के बाद सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने वाले हैं। आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिवस है। पूरी सरकार और भाजपा संगठन ने यह संकल्प लिया है कि इन 25 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए और 2047 तक 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने के लिए बचे हुए कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में बीमारियों का एक बड़ा कारण दूषित पानी है। उनके मित्र और डीवीज लैबोरेट्री के किरण रेड्डी ने देवघर दौरे के दौरान यहां स्वच्छ पानी की असुविधा को देखते हुए अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड से इस वॉटर प्लांट को लगवाया है। यह प्लांट 24 घंटे ऑन रहेगा।

एम्स में मरीजों और तीमारदारों को मिलेगा मुफ्त शुद्ध पानी

सांसद ने स्पष्ट किया कि गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर लगने वाले प्लांटों में 20 लीटर पानी की सीमा तय की गई है, लेकिन एम्स में मरीजों और उनके तीमारदारों की भारी भीड़ को देखते हुए यहां पूरी तरह मुफ्त शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा ताकि उन्हें महंगे बोतल बंद पानी पर निर्भर न रहना पड़े।

उन्होंने बताया कि गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के तहत एम्स के अलावा घोरमारा, जरमुंडी, नोनीहाट, सरैयाहाट, डांडे सलोनी और बाबा मंदिर समेत कुल 10-12 अन्य जगहों पर भी नमो जल सेवा के आरओ प्लांट स्थापित किए जाएंगे, जिनका उद्घाटन आने वाले दिनों में किया जाएगा।

डीवीज लैबोरेट्री के सहयोग से गोड्डा क्षेत्र में लगेंगे 13 प्लांट

गोड्डा संसदीय क्षेत्र में यह पहली 'नमो जल सेवा' की शुरुआत हुई है। यह सेवा डीवीज लैबोरेट्री हैदराबाद की देखरेख में शुरू की गई है। सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने बताया कि गोड्डा संसदीय क्षेत्र में कुल 13 'नमो जल सेवा' प्लांट शुरू किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत आज देवघर एम्स से हुई है।

इस यूनिट में दो टेंपल मॉडल के वाटर स्टोर रखे गए हैं, जिनकी कुल क्षमता 4,000 लीटर (2,000 लीटर प्रति टैंक) है। इस परियोजना पर कुल 2 करोड़ 91 लाख रुपये का खर्च आएगा, जिसका पूरा वित्तपोषण डीवीज लैबोरेट्रीज लिमिटेड, हैदराबाद द्वारा किया गया है।

लेबोरेटरी के टेक्नीशियन ने जानकारी दी कि वॉटर टैंक में 200 या 300 लीटर पानी रहने पर मशीन स्वतः (automatic) चालू हो जाएगी और टैंक फुल होने पर अपने आप बंद हो जाएगी। संपूर्ण व्यवस्था की देखरेख डीवीज लैबोरेटरी की टीम द्वारा की जाएगी। प्लांट के सुचारू संचालन के लिए दो व्यक्तियों को तैनात किया गया है, जो इसकी साफ-सफाई और रखरखाव का जिम्मा संभालेंगे। इसके फिल्टर को हर 15 दिनों में बदला जाएगा। बिजली आपूर्ति रहने पर यह प्लांट पूरी तरह ऑटोमेटिक तरीके से काम करता रहेगा।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822