गोंडा के बर्तन कारोबारी विनोद साहनी की हत्या के पीड़ित परिजनों से मिलने जा रहे यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और अखिलेश प्रताप सिंह को बाराबंकी में पुलिस ने गिरफ्तार किया। मसौली थाने पर कांग्रेसियों का हंगामा। पूरी खबर पढ़ें।

रविशंकर सिंह, रायबरेली/लखनऊ।

उत्तर प्रदेश के जनपद गोंडा में रेक्सड़िया, करनैलगंज के बर्तन कारोबारी स्वर्गीय विनोद साहनी की निर्मम हत्या के मामले में सियासत गरमा गई है। हत्याकांड के पीड़ित परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, पूर्व मंत्री व राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह समेत दर्जनों कांग्रेसजनों को बाराबंकी टोल प्लाजा के पास भारी पुलिस बल ने रोककर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सभी नेताओं को मसौली थाने ले जाया गया, जिसकी सूचना मिलते ही आसपास के जनपदों से भी कांग्रेस कार्यकर्ता थाने पहुंचने लगे।

रास्ते में पुलिस द्वारा रोके जाने और नेताओं की गिरफ्तारी से आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजनों ने मसौली थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और थाने के बाहर ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी पीड़ित के घर जाकर संवेदना व्यक्त करना कोई गुनाह है? उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी लिखित आदेश के नेताओं को रोक रही है, जिससे साबित होता है कि सरकार पूरी तरह डरी हुई है।

अजय राय ने कहा, "प्रदेश में लगातार ध्वस्त कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के कारण गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और व्यापारी वर्ग के लोग निशाना बन रहे हैं। जब हम उनके दुःख-दर्द में शामिल होने जाते हैं, तो सरकार भयभीत क्यों हो जाती है?" उन्होंने राहुल गांधी का हवाला देते हुए कहा कि वह जननायक के सिपाही हैं और जहां भी पीड़ा होगी, कांग्रेस पार्टी के नेता वहां पहुंचेंगे। वे न तो डरेंगे और न ही सत्ता की तानाशाही के सामने झुकेंगे।

मृतक बर्तन कारोबारी विनोद साहनी के बारे में बात करते हुए अजय राय ने कहा कि पिछड़े वर्ग के निषाद समुदाय के व्यवसायी की गोली मारकर नृशंस हत्या यह बताने के लिए काफी है कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। अपराधियों को वैचारिक संरक्षण प्राप्त होने के कारण उनका मनोबल बढ़ा हुआ है और राज्य में 'जंगलराज' कायम है।

 

इस विरोध प्रदर्शन और गिरफ्तारी के दौरान अजय राय और अखिलेश प्रताप सिंह के साथ पूर्व विधायक धीरेन्द्र सिंह धीरू, राम प्रताप सिंह, इंदल रावत, आसिम वकार, सुरेन्द्र यादव, अनामिका यादव, सुनीता राव समेत सैकड़ों की संख्या में प्रमुख कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822