प्रख्यात पर्यावरणविद् पद्मश्री डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में जनकपुर से दिल्ली तक साइकिल यात्रा 12 अक्टूबर को देवघर पहुंचेगी। जानिए कार्यक्रमों की पूरी रूपरेखा और उद्देश्य।

कंचन क्रांति न्यूज़, देवघर।

देश के प्रख्यात पर्यावरणविद्, पद्मभूषण व पद्मश्री से सम्मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में जनकपुर (नेपाल) से दिल्ली तक एक विशाल साइकिल यात्रा निकाली जा रही है। 52 दिनों तक चलने वाली यह ऐतिहासिक यात्रा आगामी 12 अक्टूबर को बांका-कटोरिया के रास्ते झारखंड के देवघर जिले में प्रवेश करेगी। झारखंड सीमा पर देवघर के प्रबुद्ध नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों द्वारा साइकिल यात्रियों का भव्य स्वागत किया जाएगा।

  इस संबंध में 'प्रवाह' संस्था के संस्थापक श्री दिलीप दुबे ने जानकारी दी कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, ग्लेशियरों के पिघलने, समुद्र तल में वृद्धि और जैव विविधता के विलुप्त होने जैसी गंभीर पर्यावरणीय समस्याओं के प्रति आमजन को जागरूक करना है। इन आसन्न विनाशकारी आपदाओं से सचेत करने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

श्री दुबे ने बताया कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के देवघर आगमन और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने को लेकर स्थानीय ग्राम ज्योति कार्यालय में सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चेतना विकास के कुमार रंजन, मधुपुर के सामाजिक कार्यकर्ता घनश्याम जी, ग्राम ज्योति के पशुपति जी, विकल्प संस्था के सोहन जी सहित कई पर्यावरण प्रहरी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रम

श्री दिलीप दुबे ने बताया कि अक्टूबर 2026 में पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता को लेकर कई विशेष कार्यक्रमों का आयोजन तय किया गया है।

2 अक्टूबर 2026 (गांधी जयंती): रामराज आश्रम में पर्यावरण और सामाजिक दूषिता के मुद्दों पर विशेष विमर्श व कार्यक्रम का आयोजन।

11 अक्टूबर (जेपी जयंती): मधुपुर स्थित जेपी की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद जनजागरण यात्रा निकाली जाएगी।

12 अक्टूबर (डॉ. राममनोहर लोहिया पुण्यतिथि) : सारठ-सरावा-पालोजोरी से जसीडीह तक यात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन पद्मश्री डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में साइकिल यात्रा का देवघर की सीमा पर स्वागत होगा।

13 अक्टूबर: देवघर में डॉ. अनिल प्रकाश जोशी की मुख्य पर्यावरण गोष्ठी का आयोजन संभावित है।

  उल्लेखनीय है कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी देहरादून स्थित प्रसिद्ध स्वैच्छिक संगठन 'हिलांस' (HESCO - Himalayan Environmental Studies and Conservation Organization) के संस्थापक हैं। उनके कार्य मुख्य रूप से पारिस्थितिकी तंत्र के विकास और स्थायी हरित अर्थव्यवस्था के लिए तकनीकों के विकास पर केंद्रित रहे हैं।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822