दीनबंधु उच्च विद्यालय, देवघर में 15 अक्टूबर 2026 को भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती सादगीपूर्ण समारोह में मनाई गई। पढ़ें पूरी खबर।

विकास कुमार, देवघर।

स्थानीय दीनबंधु उच्च विद्यालय के भवानी शंकर बागची सभागार में 15 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे देश के महान वैज्ञानिक, शिक्षक एवं भारत के 11वें राष्ट्रपति ‘मिसाइल मैन’ डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती एक सादगीपूर्ण समारोह में मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में आर. मित्रा प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक बिमलेश कुमार पंकज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उसी विद्यालय के शिक्षक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित अरविंदराज रजवाड़े ने शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता दीनबंधु उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक काजल कांति सिकदार ने की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के माननीय सदस्य डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

डॉ. कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान

समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक काजल कांति सिकदार ने डॉ. कलाम के प्रेरणादायी जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं से उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि बिमलेश कुमार पंकज ने अपने संबोधन में कहा कि साधारण परिवार में जन्मे डॉ. कलाम अपनी लगन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचे। उन्होंने इसरो (ISRO) और डीआरडीओ (DRDO) में अपनी सेवाएं देकर भारत के वैज्ञानिक तथा रक्षा क्षेत्र के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया।

विशिष्ट अतिथि अरविंदराज रजवाड़े ने डॉ. कलाम के वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सादगी और युवाओं के प्रति उनके विशेष स्नेह का जिक्र करते हुए उनके जीवन को युवाओं के लिए मार्गदर्शक बताया। वहीं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव ने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से डॉ. कलाम के व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को बेहद भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और संकल्प

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संगीत शिक्षक आदित्य चटर्जी ने हारमोनियम की मधुर धुन पर माँ सरस्वती की वंदना और प्रेरणादायी देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा सभागार गूंज उठा। इस प्रस्तुति में तबले पर मैनाक दास ने सुंदर संगत की।

 विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सुनील कुमार सूर, मुनेश्वर प्रसाद यादव, जितेंद्र कुमार चंद्र, उदय कुमार मंडल, मनीषा घोष, भारती कुमारी, सुदीप्ता चक्रवर्ती, विकास कुमार दास एवं राजू कुमार सहित सभी विद्यार्थियों ने बारी-बारी से डॉ. कलाम को नमन किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस दौरान सभी ने शिक्षा, विज्ञान और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822